भारतीय ओलम्पिक संघ में मिली पांच महिलाओं को जगह

डीजीपी अशोक अग्रवाल की पत्नी अलकनंदा बनीं संयुक्त सचिव 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय ओलम्पिक संघ की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। भारतीय ओलम्पिक संघ के इतिहास में जहां पहली बार पीटी ऊषा के रूप में महिला अध्यक्ष मिली है वहीं चार और महिलाओं को नव-निर्वाचित कार्यकारिणी में जगह मिली है। इनमें उत्तराखण्ड के डीजीपी अशोक अग्रवाल की पत्नी अलकनंदा अशोक को संयुक्त सचिव महिला का दायित्व मिला है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बने संघ के संविधान के मुताबिक चुनाव हुए है। संघ में इस बार न केवल किसी नामी खिलाड़ी को बल्कि महिला खिलाड़ी को अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। खेलों में अपने नाम कई रिकॉर्ड दर्ज कराने वाली उड़नपरी पीटी ऊषा को निर्विरोध अध्यक्ष बनाया गया है वहीं,कार्यकारिणी में चुनाव के बाद अन्य 14 और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी मिली है। जिसमें उत्तराखंड से अलकनंदा अशोक को संयुक्त सचिव पद पर निर्वाचित होने के बाद अहम जिम्मेदारी मिली है।
बताते चलें कि भारतीय ओलम्पिक एसोसिएशन के पास भारत में ओलम्पिक खेलों, एशियाई खेलों व अन्य अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों का चयन और भारतीय दल के प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। लेकिन पहली बार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नए संविधान के अनुसार चुनाव सम्पन्न हुए। इससे संघ में राजनीतिक हस्तक्षेप, धनबल या फिर सिफारिशों के आधार पर पदाधिकारी बनने वालों को करारा झटका लगा है। यही कारण रहा कि संविधान के मुताबिक संघ में कई खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों से जुड़े लोगों को प्रवेश मिला है।
निर्विरोध और मतदान प्रक्रिया से निर्वाचित पदाधिकारियों के नाम में अध्यक्ष पद पर पीटी ऊषा, कोषाध्यक्ष पद पर सहदेव यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अजय एच. पटेल, उपाध्यक्ष पुरुष पद पर गगन नारंग, संयुक्त सचिव पद पर कल्याण चौबे का पहले निर्विरोध निर्वाचन हो गया था जबकि उपाध्यक्ष महिला पद पर राजलक्ष्मी सिंह, संयुक्त सचिव महिला पद पर अलकनंदा अशोक निर्वाचित घोषित हुई हैं। बताते चलें कि अलकनंदा अशोक उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार की पत्नी हैं जोकि वर्तमान में जीबी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर में तैनात हैं। उत्तराखंड से अलकनंदा अशोक को संघ में अहम जिम्मेदारी मिलने से खेल जगत में खुशी की लहर है।
भारतीय ओलम्पिक एसोसिएशन में एग्जीक्यूटिव काउंसिल मेम्बर के 6 पदों पर 14 लोगों ने नामांकन किया था। जिसमें अमिताभ शर्मा,भूपेन्द्र सिंह बाजवा, लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, रोहित राजपाल, डोला बनर्जी, योगेश्वर दत्त निर्वाचित घोषित हुए। इसके अलावा दो सदस्य एथलेटिक्स कमीशन सदस्य एचसी मैरीकॉम, अचंता शरथ कमल को जिम्मेदारी दी गई।

रिलेटेड पोस्ट्स