क्या दुती चंद और मोनालिसा ने रचा ली है शादी

दुती का कहना- मैं पेरिस ओलम्पिक की कर रही हूं तैयारी
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
भारत की स्टार एथलीट दुती चंद शुक्रवार (दो दिसम्बर) को अचानक से सुर्खियों में आ गईं। ऐसी खबरें आने लगीं कि दुती चंद ने अपनी समलैंगिक पार्टनर मोनालिसा से शादी कर ली है। दरअसल, दुती ने इंस्टाग्राम पर अपनी पार्टनर के साथ तस्वीरें शेयर की थीं। उसके बाद यह चर्चा होने लगी कि वह शादी के बंधन में बंध गईं। जब इस बारे में दुती से बात की तो उन्होंने सच्चाई बताई कि ऐसा नहीं है वह फिलवक्त पेरिस ओलम्पिक की तैयारी कर रही हैं।
दुती ने फोन पर सच्चाई बताते हुए कहा कि उन्होंने शादी नहीं की है और उनका पूरा ध्यान अभी 2024 में होने वाले पेरिस ओलम्पिक पर है। दुती ने कहा, ''मैं तो शादी नहीं की हूं। मैंने बहन की शादी में अपनी पार्टनर के साथ तस्वीर ली थी। उसे ही सोशल मीडिया पर अपलोड किया। यह पूरी तरह फेक न्यूज है। मेरी शादी अभी नहीं हुई।'' दुती ने अपने आगे के लक्ष्यों के बारे में बताते हुए कहा, ''मेरा ध्यान अभी 2024 ओलम्पिक पर है। उसके लिए तैयारी कर रही हूं। उससे पहले एशियन गेम्स, एशियन चैम्पियनशिप और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स है। इन टूर्नामेंट पर मेरी नजर है।''
दुती का जन्म तीन फरवरी, 1996 को ओडिशा के जाजपुर शहर में हुआ था। वह देश को कई खेलों में पदक दिला चुकी हैं। दुती ने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में 100 मीटर और 200 मीटर स्प्रिंट में रजत पदक जीता था। इसके अलावा वह एशियन चैंपियनशिप में चार पदक जीत चुकी हैं। दुती की पदकों की लिस्ट में 2013 में पुणे में हुए एशियन चैंपियनशिप में 200 मीटर रेस में कांस्य, 2017 में भुवनेश्वर में हुए एशियन चैंपियनशिप में 100 मीटर और 4 गुणा 100 मीटर रिले में कांस्य और 2019 में दोहा एशियन गेम्स में 200 मीटर रेस में भी कांस्य पदक शामिल है।
इसके अलावा दुती 2016 में दोहा में हुए एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 60 मीटर रेस में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। 2016 में गुवाहाटी में हुए साउथ एशियन गेम्स में दुती 100 मीटर रेस में रजत और 200 मीटर रेस में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। दुती एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी दो स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
दुती चंद और मोनालिसा: रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुती चंद की मोनालिसा से मुलाकात उनके गांव में एक पूजा के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों एक-दूसरे से फोन पर बात करने लगीं। एक-दूसरे को जानने के एक साल बाद दोनों ने एक-दूसरे से अपने प्यार का इजहार किया। भारत की फर्राटा धावक दुती चंद मोनालिसा के साथ घर बसाना चाहती हैं। हालांकि, दुती पहली खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्होंने समलैंगिक पार्टनर कोअपनी जिंदगी का हमसफर चुना है। हम अन्य खेल हस्तियों पर एक नजर डालें जो सामाजिक बहिष्कार पर प्यार को प्राथमिकता देते हैं, जो समलैंगिक संबंधों में हैं/थे।
ऑरलैंडो क्रूज और जोस मैनुअल कोलोन: प्यूर्टो रिको के पेशेवर बॉक्सर ऑरलैंडो क्रूज ने 2012 में समलैंगिक संबंधों में होने की बात स्वीकार की थी। फेदरवेट बॉक्सर ऑरलैंडो क्रूज ने फेसबुक पेज पर वीडियो कॉलिंग के जरिए अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड जोस मैनुअल कोलोन को प्रपोज किया था। बाद में ऑरलैंडो क्रूज ने जोस मैनुअल कोलोन से शादी की।
बिली जीन किंग और इलाना क्लॉस: अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी बिली जीन किंग ने 1965 में ब्रिज प्लेयर लैरी किंग से शादी की थी। हालांकि, 1987 में बिली जीन और लैरी किंग में तलाक हो गया। इसके बाद बिली जीन किंग ने 2018 में साउथ अफ्रीका की इलाना क्लॉस से शादी की। पूर्व टेनिस खिलाड़ी इलाना वुमन्स डबल्स में वर्ल्ड नंबर रह चुकी हैं। वहीं, बिली जीन किंग ने अपने करियर में 39 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते। इसमें वुमन्स सिंगल्स में 12, वुमन्स डबल्स में 16, और मिक्स्ड डबल्स में 11 ग्रैंड स्लैम टाइटल शामिल हैं।
जेसन कॉलिन्स और कैरोलिन मूस: पूर्व पेशेवर बास्केटबॉल खिलाड़ी जेसन कॉलिन्स नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (NBA) में 13 सीजन खेलीं। उन्होंने 2012-13 एनबीए सीजन के समापन के बाद खुद के समलैंगिक रिश्ते में होने की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार की थी। कॉलिन्स 2001 से कैरोलिन मूस के साथ रिलेशन में थीं। दोनों ने 2009 में शादी की। पूर्व बॉस्केटबॉल खिलाड़ी कैरोलिन मूस जूनियर ओलंपिक्स में अमेरिका की ओर से हिस्सा ले चुकी हैं।
लेक्स ब्लैकवेल और लिन्से एस्क्यू: ऑस्ट्रेलिया की पूर्व क्रिकेटर एलेक्स ब्लैकवेल ने 2013 में समलैंगिक रिश्ते में होने की बात स्वीकार की थी। वह इंग्लैंड के क्रिकेटर स्टीवन डेविस के बाद दूसरी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर थीं, जो समलैंगिक रिश्ते में थीं। बल्लेबाज एल्केस ब्लैकवेल ने 2015 में इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर लिंसे आस्क्यू से शादी की। हालांकि, साल 2017 तक ऑस्ट्रेलिया में उनकी शादी मान्य नहीं थी।
मेगन रैपिनो और सू बर्ड: जुलाई 2012 में मेगन रैपिनो के समलैंगिक रिश्ते में होने की बात सार्वजनिक हुई। जब उन्होंने खुलासा किया कि वह ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल खिलाड़ी सारा वॉल्श के साथ रिश्ते में थीं। हालांकि, 2013 में उनका और सारा का रिश्ता टूट गया। साल 2017 में, यूनाइटेड स्टेट्स वुमन्स नेशनल टीम (USWNT) की कप्तान ने पुष्टि की कि वह एक अमेरिकी-इजरायल पेशेवर बास्केटबॉल खिलाड़ी सू बर्ड को डेट कर रही हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स