अंडर 17 फीफा विश्व कप का भुवनेश्वर में रंगारंग आगाज

उपस्थित रहे उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
अंडर 17 फीफा विश्व कप का आज राजधानी भुवनेश्वर में रंगारंग आगाज हुआ है। इस विश्व कप का उद्घाटन उड़ीसी के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने किया। इस अवसर पर केन्द्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू, केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ कई विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित थे। पहले दिन अमेरिका ने भारत को तथा ब्राजील ने मोरक्को को पराजित किया।
राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में मंगलवार को और एक उपलब्धि अपने नाम किया। कलिंगा स्टेडियम में पहली बार अंडर 17 फीफा महिला विश्व कप के सातवें संस्करण का रंगारंग आगाज हुआ। ऐसे में हॉकी विश्व कप की तर्ज पर अंडर 17 महिला फुटबॉल विश्व कप के लिए भुवनेश्वर कलिंगा स्टेडियम को रंग बिरंगी लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया था।
ब्राजील ने पहले मैच में मोरक्को को हराकर जीत हासिल की। ब्राजील ने मोरक्को को 1-0 के गोल से हराया। मैच की शुरुआत से ही ब्राजील ने आक्रामक खेल खेला और मैच के 5वें मिनट में गोल कर दिया। हालांकि मोरक्को की टीम ने भी बेहतर खेल दिखाया लेकिन वह गोल नहीं कर पाई। बता दें कि कलिंगा स्टेडियम में ग्रुप-ए के पांच मैच होंगे, जिसमें चार देश भारत, अमेरिका, मोरक्को और ब्राजील एक-दूसरे से खेलेंगे। इसके अलावा यह स्टेडियम नाइजीरिया और चिली के बीच खेले जाने वाले ग्रुप-बी के एक मैच की मेजबानी करेगा। 

रिलेटेड पोस्ट्स