राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के 462 खिलाड़ी 28 खेलों में दिखाएंगे कौशल

यूपी में जल्द होगी विधायक खेलकूद प्रतियोगिता
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने प्रतिभावान खिलाड़ियों को शासकीय सेवा का मौका देने के लिए दो फीसदी सीटें आरक्षित की हैं तो पुलिस में 500 से अधिक पदों पर नियुक्ति शुरू हो गई है। अब राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आवागमन के लिए रेलवे की एसी थ्री टियर कोच की सुविधा भी मिलेगी।
उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों से मंगलवार को संवाद के दौरान सीएम की इस घोषणा का खिलाड़ियों ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे होनहार खिलाड़ियों को उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। खास मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह खुशी की बात है इस बार के राष्ट्रीय खेल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की अब तक की सबसे बड़ी टीम रवाना होने वाली है।
पिछली बार जहां प्रदेश ने 20 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेकर 68 मेडल प्राप्त किए थे, वहीं इस बार 28 खेलों में उत्तर प्रदेश भाग ले रहा है। यह सकारात्मक बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खेल के प्रति बढ़ी जागरूकता का ही परिणाम है। खेलों के इस राष्ट्रीय कुंभ में भाग लेने जा रहे 462 सदस्यीय दल को 'टीमवर्क' का मंत्र देते हुए मुख्यमंत्री ने सभी के शानदार प्रदर्शन के प्रति विश्वास जताया।
कल्पना की बात थी ग्रामीण क्षेत्र में स्टेडियम, आज हो रहा लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल प्रतिस्पर्धाओं के पदक विजेताओं को शासकीय सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विगत दिवस गोरखपुर में स्टेडियम के लोकार्पण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेडियम कभी कल्पना हुआ करता था।
आज गांव, शहर में स्टेडियम, मिनी स्टेडियम बनवाये जा रहे हैं। हर गांव में खेल के मैदान, ओपन जिम का विकास हो रहा है। युवक व महिला मंगल दल से युवा जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि खेल व खिलाड़ियों के प्रोत्साहन की कोशिशों के क्रम में ही ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों के पदक विजेताओं के भव्य सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को 'विधायक खेलकूद प्रतियोगिता' की योजना के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बहुत जल्द ग्राम, विकास खंड, विधानसभा, जिला और कमिश्नरी स्तर पर खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन करने जा रही है। अंत में सभी 18 कमिश्नरी के खिलाड़ियों के बीच प्रदेश स्तर की स्पर्धा होगी, जिसके बाद सभी को सम्मानित किया जाएगा।
खेल नीति में निजी स्पोर्ट्स अकादमी के प्रोत्साहन का हो प्रावधान
राष्ट्रीय खेल में उत्तर प्रदेश की शानदार टीम बनाने के लिए खेल विभाग, कोच और मैनेजरों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेल-संस्कृति के विकास में निजी खेल अकादमियों की भूमिका को भी सराहा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा की जाने वाली कोशिशों के अलावा बहुत सी निजी एकेडेमी अपने स्तर भी अच्छा काम कर रही हैं, इन्हें हर जरूरी प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने खेल विभाग को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल नीति में निजी स्पोर्ट्स एकेडेमी को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक प्रावधान जरूर किए जाएं। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में सभी खिलाड़ियों, उनके कोच और टीम मैनेजरों ने अपना परिचय देते हुए अपनी खेल विधा के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने ओलम्पिक पदक विजेता ललित कुमार उपाध्याय के साथ-साथ खिलाड़ी रोहन विश्नोई, प्रीति दुबे, राजकुमार पाल और सूरज कुमार को स्पोर्ट्स किट देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
हमें गर्व है कि हम यूपी से खेलते हैं: ललित कुमार उपाध्याय
हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय ने प्रदेश में खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि बीते कई दशकों में उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों को ऐसी सुविधाएं नहीं मिली थीं।
अब खेल के मैदान से लेकर खिलाड़ियों की डाइट, उनके आवागमन और प्रशिक्षण की जो व्यवस्था मुख्यमंत्री ने की है, उसी का परिणाम है कि प्रदेश में अब ज्यादा खिलाड़ी निकलकर सामने आ रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा मेडल्स जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ललित की तरह ही 36वें राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा लेने जा रहे अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि वो राष्ट्रीय खेलों में पहले से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करेंगे। वाराणसी से ताल्लुक रखने वाले ललित उपाध्याय ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रदेश में खेल सुविधाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पहले हम हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों की बात करते थे कि वहां बहुत सुविधाएं मिलती हैं। लेकिन अब समय बदल गया है।
जिस तरह उत्तर प्रदेश में ओलंपिक के बाद खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह किया गया और उन्हें धनराशि प्रदान की गई, हम गौरव से कह सकते हैं कि किसी राज्य में ऐसा नहीं हो सकता। अब हम गर्व से कह सकते हैं कि हम उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। मेरे 14-15 साल का अनुभव ये कहता है कि अब उत्तर प्रदेश में खेलों का कायाकल्प हो गया है।
यहां खेल सुविधाओं से प्रत्येक खिलाड़ी संतुष्ट है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहूंगा। उन्होंने जूनियर से लेकर सीनियर तक प्रत्येक खिलाड़ी के लिए सुविधाओं और सम्मान प्रदान करने का काम किया है। यह खिलाड़ियों को अधिक से अधिक मेडल लाने के लिए प्रेरित कर रहा है। इससे सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि सभी खेल लाभान्वित हो रहे हैं।
बेहतर प्रदर्शन का भरोसा
जूडो प्लेयर रोहन विश्नोई ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जिस तरह की सुविधाएं खिलाड़ियों और कोच को मिल रही हैं, आने वाले समय में प्रदेश खेलों का सुपर पावर बनकर उभरेगा। इस समय सरकार के प्रयासों से हमें फिटनेस से लेकर कौशल तक का प्रशिक्षण मिल पा रहा है, जिससे खेल में कई गुना ज्यादा निखार आया है।
निश्चित तौर पर इसका असर राष्ट्रीय खेलों में हमारे प्रदर्शन में देखने को मिलेगा। प्रीति दुबे, राजकुमार पाल और सूरज कुमार समेत अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रदेश सरकार की योजनाओं और सुविधाओं पर खुशी जाहिर करते हुए बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया।

 

रिलेटेड पोस्ट्स