दिलीप टिर्की को मिली हॉकी इंडिया की अध्यक्षी

बोले- भारतीय हॉकी नई ऊंचाइयों पर जाएगी
भोलानाथ सिंह प्रधान सचिव के पद पर निर्विरोध निर्वाचित
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
हॉकी की आसंदी पर पहली बार किसी खिलाड़ी को बैठने का मौका मिला है। उम्मीद की जानी चाहिए कि महान हॉकी खिलाड़ी दिलीप टिर्की पुश्तैनी खेल को नई ऊंचाइयों तक न केवल ले जाएंगे बल्कि अब हर राज्य के सांगठनिक ढांचे को भी मजबूती प्रदान करेंगे। हॉकी झारखंड के भोलानाथ सिंह को निर्विरोध प्रधान सचिव के पद पर  चुना गया।
दिलीप टिर्की भारतीय हॉकी फेडरेशन के नए अध्यक्ष बने हैं। उन्होंने अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद पूर्व चुनाव आयुक्त डॉ. एसवाई कुरैशी, हॉकी इंडिया फेडरेशन और हॉकी इंडिया को सुचारू रूप से चुनाव कराने के लिए शुक्रिया अदा किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि भारतीय हॉकी नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। उन्होंने पत्र लिखकर चुनाव का आयोजन कराने वाले सभी जिम्मेदार अधिकारियों को धन्यवाद कहा है। टिर्की पहले से ही अध्यक्ष बनने के प्रबल दावेदार थे। शुरुआत में झारखंड और उत्तर प्रदेश हॉकी फेडरेशन के अध्यक्षों ने भी अपना नाम हॉकी इंडिया अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए दाखिल किया था, लेकिन बाद में दोनों ने अपना नाम वापस ले लिया।
हॉकी इंडिया के चुनाव एक अक्टूबर को होने थे, लेकिन नतीजों का ऐलान पहले ही कर दिया गया, क्योंकि किसी भी जगह के लिए कोई दावेदार नहीं था। फेडरेशन के कानून के अनुसार मौजूदा उम्मीदवारों को विजेता घोषित किया गया। हॉकी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राकेश कटयाल और हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने भी पहले हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में अपना नाम दाखिल किया था, लेकिन शुक्रवार को दोनों ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद टिर्की को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। 
भोलानाथ सिंह प्रधान सचिव के पद पर निर्विरोध चुने गए। अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन ने टिर्की और उनकी टीम की नियुक्ति मान्य कर दी है। एफआईएच ने अपने पत्र में कहा है कि जब किसी पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की संख्या पदों की संख्या के बराबर या उससे कम हो, तो उन्हें हॉकी इंडिया की वेबसाइट पर चुनाव नियमों के अनुसार निर्विरोध निर्वाचित माना जाएगा। "हमें यह देखकर खुशी हो रही है कि हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड को चुना गया है जैसा कि हॉकी इंडिया की वेबसाइट पर बताया गया है। सभी पदों के लिए पदों का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया।" 

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स