लॉन बॉल टीम से दो बार मिले थे धोनी

न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में पहुंची खिलाड़ी की खुलासा
बर्मिंघम।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए सोमवार (एक अगस्त) को महिला लॉन बॉल टीम ने इतिहास रच दिया। वह मजबूत न्यूजीलैंड को 16-13 से हराकर पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास के फाइनल में पहुंची है। लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया और रूपा रानी टिर्की की भारतीय चौकड़ी ने कमाल का प्रदर्शन दिया। मैच जीतने के बाद लवली चौबे ने भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक बड़ा खुलासा किया।
लवली ने बताया कि धोनी बर्मिंघम में ट्रेनिंग के दौरान दो बार  महिला लॉन बॉल टीम से मिले थे। लवली ने कहा, "एमएस धोनी सर हमारे प्रशिक्षण क्षेत्र में हमसे मिलने के लिए दो बार आए। वह लॉन बॉल के बारे में बहुत कुछ जानते हैं।" धोनी क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों को लेकर भी जागरूक रहते हैं। वह फुटबॉल खेलते हुए कई बार देखे गए हैं। धोनी पिछले दिनों इंग्लैंड में थे। वह हाल ही में भारत लौटे हैं।
लॉन बॉल में भारत पहली बार कोई पदक पक्का कर पाया है। भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में नॉरफ्लॉक आइसलैंड को हराया था। फाइनल में टीम इंडिया का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। अफ्रीकी टीम ने फिजी को 16-14 से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया है।
न्यूजीलैंड लॉन बॉल की दिग्गज टीम
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर बड़ा उलटफेर किया है, क्योंकि कीवी टीम के पास इस खेल में 40 पदक हैं। वह दुनिया की शीर्ष पांच लॉन बॉल टीमों में शामिल है। भारतीय चौकड़ी एक समय मैच में 0-5 से पीछे चल रही थी। इसके बावजूद टीम ने वापसी की और 7-6 की बढ़त हासिल कर ली। बाद में यह बढ़त 10-7 की हो गई। यहां से भारतीय टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उसने लगातार स्कोर किए और न्यूजीलैंड को हरा दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स