स्प्रिंटर धनलक्ष्मी को लगा डोपिंग का डंक

राष्ट्रमंडल खेलों से पहले भारत को जोरदार झटका
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
राष्ट्रमंडल खेलों से पहले स्प्रिंटर धनलक्ष्मी का डोपिंग में फंसना भारतीय दल के लिए हैरानी की बात है। यह एथलीट अब बर्मिंघम नहीं जा सकेगी तथा भारतीय महिला चौकड़ी के पदक जीतने की सम्भावनाओं पर भी तुषारापात हो गया है। एआईयू ने धनलक्ष्मी का देश से बाहर आउट ऑफ कम्पटीशन सैम्पल लिया था। उनके सैम्पल में एनाबॉलिक स्टेरायड पाया गया है। उन्हें अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।  
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय एथलेटिक टीम के चार गुणा 100 मीटर रिले में पदक जीतने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। पिछले वर्ष दुती चंद और बीते माह हिमा दास को 100 और 200 मीटर में हराकर सुर्खियां बटोरने वाली तमिलनाडु की स्प्रिंटर एस. धनलक्ष्मी डोप में फंस गई हैं। वह वर्ल्ड एथलेटिक्स की एथलीट इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) की ओर से कराई गई टेस्टिंग में पकड़ी गई हैं। एआईयू ने धनलक्ष्मी का देश से बाहर आउट ऑफ कम्पटीशन सैम्पल लिया था। उनके सैम्पल में एनाबॉलिक स्टेरायड पाया गया है लिहाजा उन्हें अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। 
उन्हें युगेन (अमेरिका) में चल रही विश्व चैंपियनशिप में खेलने से रोक दिया गया। टोक्यो ओलंपिक की चार गुणा चार सौ मीटर रिले टीम में शामिल धनलक्ष्मी को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 100 मीटर और चार गुणा चार सौ मीटर रिले की टीम में हिमा दास, दुती चंद के साथ शामिल किया गया था।
विश्व चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम युगेन रवाना हो गई, लेकिन धनलक्ष्मी नहीं गईं। बताया गया कि उनका वीजा नहीं लगा है, लेकिन आयोजकों ने चैम्पियनशिप से उनकी एंट्री ही हटा दी। वहीं इस चैम्पियनशिप में 100 मीटर मीटर में केन्याई एथलीट को रेस शुरू होने से दो घंटे पहले एंट्री दी गई। वह भी वीजा नहीं लगने के चलते युगेन नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन उनकी एंट्री नहीं हटाई गई। धनलक्ष्मी को डोप में फंसने के चलते रोका गया। 
सूत्र बताते हैं कि उनका सैम्पल भारतीय एथलीटों की विदेश में तैयारियों के दौरान लिया गया। हालांकि इसके बाद देश में हुई नाडा की टेस्टिंग में वह निगेटिव निकलीं। पिछले कुछ माह के दौरान यह तीसरा मामला है, जब एआईयू की ओर से भारतीय एथलीट को डोपिंग में पकड़ा गया है। इससे पहले जेवलिन थ्रोअर राजिंदर सिंह, टोक्यो ओलम्पिक में छठे स्थान पर रहने वाली डिस्कस थ्रोअर कमलप्रीत कौर भी एआईयू की टेस्टिंग में पॉजिटिव आई थीं।

रिलेटेड पोस्ट्स