तलवारबाजी वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ी दिखाएंगे हाथ

तीन वर्गों के लिए 24 खिलाड़ियों के साथ 3 कोच रवाना
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
तलवारबाजी वर्ल्ड कप के लिए भारतीय खिलाड़ियों का दल इजिप्ट के लिए रवाना हो गया। दल में 12 लड़कियां और 12 लड़कों के साथ तीन कोच भी शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 23 जुलाई तक इजिप्ट के केयरो शहर में किया जा रहा है। खिलाड़ियों में हरियाणा की दो लड़कियां और एक लड़का भी शामिल हैं।
तलवारबाजी संघ के उपाध्यक्ष जितेंद्र जागलान ने बताया कि इजिप्ट के केयरो शहर में 15 से 23 जुलाई तलवारबाजी वर्ल्ड कप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भारतीय खिलाड़ी और कोच बुधवार रात को इजिप्ट के लिए रवाना हुए। दल में तीन श्रेणियों की 12 लड़कियां और 12 लड़कों के साथ तीन कोच भी गए हैं। इन खिलाडिय़ों में प्राची लोहान जींद से, तनिष्का खत्री करनाल और देव नरवाल रोहतक का रहने वाला है।
ये खिलाड़ी गये इजिप्ट
ईपी गर्ल्स में करनाल की तनिष्का खत्री, जींद की प्राची लोहान, पंजाब की मुमताज और पंजाब की इना अरोड़ा, सबरे गर्ल्स में जम्मू-कश्मीर की श्रेया, केरल की जोशना, छत्तीसगढ़ की वेदिका और भवानी देवी शामिल थीं। फॉइल श्रेणी में मणिपुर की अनीता और खुशबू, केरल की कंगालक्षी और राधिका प्रतियोगिता खेलने गई हैं। वहीं लड़कों की सबरे श्रेणी में सर्विसेज के गिशो, राजस्थान के करन, महाराष्ट्र के अभय शिंदे और विशाल थापर, ईपी श्रेणी में सर्विसेज के सुनील कुमार, छत्तीसगढ़ के श्रीजिन, गोवा के राबर्ट शर्मा और पंजाब के उदयवीर, फोइल श्रेणी में रोहतक के देव नरवाल, सर्विसेज के अर्जुन और कैथरिसेन बिब्स और उत्तराखंड के एल टोंबा शामिल हैं।
शुक्रवार को कोलम्बिया के लिए रवाना होंगे भारतीय तीरंदाज
17 से 25 जुलाई तक आयोजित तीरंदाजी वर्ल्ड कप स्टेज-4 में निशाना साधने के लिए भारतीय तीरंदाजों और कोच का दल शुक्रवार को कोलम्बिया के लिए रवाना होगा। साई की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने बताया कि भारतीय तीरंदाज शानदार फार्म में चल रहे हैं। स्टेज-3 में तीरंदाजों ने देश के लिए मेडल जीते हैं। भारतीय दल में 16 तीरंदाज, चार कोच, फिजियोथैरिपिस्ट और मनोचिकित्सक शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि साई के बहालगढ़ सेंटर में देशभर के तीरंदाजों का अभ्यास शिविर चल रहा है।

रिलेटेड पोस्ट्स