चेस ओलम्पियाड में 20 भारतीय शातिर करेंगे प्रतिभाग

हर दो साल में भारत से निकलेगी मशालः किरेन रिजिजू 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
केन्द्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि 44वें चेस ओलम्पियाड की मेजबानी करना भारत के लिए गर्व का विषय है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चेस ओलम्पियाड की मशाल हर दो साल में भारत से शुरू होगी। 44वें चेस ओलम्पियाड की मशाल रिले में किरेन रिजिजू और अंतरराष्ट्रीय चेस फेडेरेशन के अध्यक्ष आर्केडी ड्वारकोविच भी शामिल हुए। पांच बार के विश्व चैम्पियन विश्वनाथन आनंद भी इसका हिस्सा बने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को इंद्रा गांधी स्टेडियम से मशाल रिले की शुरुआत की थी। 
मशाल रिले में शामिल होने के बाद रिजिजू ने कहा "44वें चेस ओलम्पियाड की मेजबानी का अनुभव भारत को हमेशा याद रहेगा। पहली बार भारत में इतने बड़े इवेंट का आयोजन हो रहा है। सबसे अहम बात यह है कि मशाल जो किसी ओलम्पिक इवेंट का प्रतीक है, वो हर दूसरे साल भारत से शुरू होगी।" उन्होंने आगे कहा कि मशाल को प्रज्वलित करना एक ऐसी चीज है, जो उस देश के साथ भावनात्मक रूप से गहरा रिश्ता रखती है, जहां इसकी शुरुआत हो रही है। यह मशाल हर दूसरे साल भारत में प्रज्वलित होगी। यह सभी के लिए पवित्र समय है और जो परंपरा अभी शुरू हुई है उसे जारी रखा जाना चाहिए। 
सबसे बड़े दल के साथ उतरेगा भारत 
चेस ओलम्पियाड में इस साल भारत अब तक के अपने सबसे बड़े दल के साथ उतरेगा। 40 दिन की मशाल रिले में भारतीय चेस इतिहास के कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय चेस फेडेरेशन के मुख्यालय जाने से पहले यह मशाल रिले भारत के महाबलीपुरम शहर में खत्म होगी। इसके साथ ही कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें युवा चेस खिलाड़ी भी भाग लेंगे। 
चेस ओलम्पियाड में एक स्वर्ण जीत चुका है भारत
भारत पहली बार 1956 में चेस ओलम्पियाड में शामिल हुआ था। मास्को में हुए इस इवेंट में भारत 27वें स्थान पर रहा था। इसके बाद 2020 में रूस के साथ संयुक्त रूप से स्वर्ण पदक जीता और 2021, 2014 में दो कांस्य पदक अपने नाम किए। 2018 के बाद 2020 और 2022 का चेस ओलंपियाड वर्चुअली हुथा था, क्योंकि कोरोना की वजह से सभी खिलाड़ी अपने घरों में कैद थे। 2018 में जॉर्जिया में हुए इवेंट के बाद पहली बार चेस बोर्ड पर ओलंपियाड के सभी मैच खेले जाएंगे। 
30 साल बाद एशियाई देश को मिली मेजबानी
30 साल बाद किसी एशियाई देश को चेस ओलम्पियाड की मेजबानी मिली है। इससे पहले फिलीपींस ने 1992 में इस प्रतियोगिता की मेजबानी की थी। मेजबान देश होने के नाते भारत के कुल 20 खिलाड़ी इवेंट का हिस्सा होंगे। वहीं, 188 देशों से 2000 से ज्यादा खिलाड़ी इस प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे। 44वें चेस ओलम्पियाड का आयोजन 28 जुलाई से 10 अगस्त के बीच होगा। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स