राष्ट्रमंडल खेलों में निकहत जरीन, लवलीना बोरगोहेन बरसाएंगी मुक्के

चयन ट्रायल में किया जोरदार प्रदर्शन
खेलपथ संवाद
नयी दिल्ली।
मौजूदा विश्व चैम्पियन निकहत जरीन (50 किलोग्राम) और ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (70 किलोग्राम) ने चयन ट्रायल्स में शानदार जीत से राष्ट्रमंडल खेलों के लिये भारतीय टीम में अपने स्थान पक्के किये। दो बार की स्ट्रांजा मेमोरियल स्वर्ण पदक विजेता निकहत ने हरियाणा की मीनाक्षी को सर्वसम्मत फैसले में 7-0 से हराया जबकि लवलीना ने इसी अंतर से रेलवे की पूजा को पराजित किया। 
नीतू घंघास (48 किलोग्राम) और जैसमीन लम्बोरिया (60 किलोग्राम) ने भी राष्ट्रमंडल खेलों के लिये टीम में अपने स्थान पक्के किये। राष्ट्रमंडल खेल 28 जुलाई से 8 अगस्त तक बर्मिंघम में आयोजित किये जायेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने का अनुभवी भारतीय मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम का सपना टूट गया जब घुटने में चोट लगने के बाद उन्हें 48 किलोग्राम के ट्रायल के बीच में ही हटने के लिए मजबूर होना पड़ा। 6 बार की विश्व चैंपियन सेमीफाइनल के पहले राउंड में अपना बायां घुटना मुड़ा बैठीं। वह पिछले 2018 चरण में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज बनी थीं। दो बार की पूर्व युवा विश्व चैंपियन नीतू ने खंडित फैसले में 2019 रजत पदक विजेता मंजू रानी पर 5-2 से जीत दर्ज की। 

रिलेटेड पोस्ट्स