वेटलिफ्टर एन. मारिया ने बनाया नेशनल रिकॉर्ड

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में जैन यूनिवर्सिटी का जलवा
11 स्वर्ण पदकों के साथ सूची में शीर्ष पर
खेलपथ संवाद
बेंगलूरु।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के दूसरे संस्करण में अभी तक जैन यूनिवर्सिटी का जलवा कायम है। उसके खिलाड़ियों ने अब तक 11 स्वर्ण पदक जीते हैं। पदक तालिका में जैन यूनिविर्सिटी ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा है, उसने अब तक 11 स्वर्ण, चार रजत तथा दो कांस्य पदक जीते हैं। दूसरे नम्बर पर सावित्रीबाई फुले यूनिवर्सिटी है। उसके नाम पांच स्वर्ण पदक, छह रजत तथा सात कांस्य पदक हैं। तीसरे नंबर पर पंजाब यूनिवर्सिटी के पांच स्वर्ण, चार रजत और पांच कांस्य पदक के साथ कुल 14 पदक हैं। 
वेटलिफ्टर एन. मारिया ने बुधवार को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में 87+ किलोग्राम भारवर्ग में क्लीन एंड जर्क में नेशनल रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मैंगलोर यूनिवर्सिटी की इस खिलाड़ी ने 129 किलोग्राम का वजन उठाया और इसी साल की शुरुआत में मनप्रीत कौर द्वारा बनाए गए 128 किलोग्राम भारवर्ग के रिकॉर्ड को तोड़ा। मनप्रीत ने नेशनल चैम्पियनशिप में ये रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने स्नैच में 101 किलोग्राम उठाया और कुल 230 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक जीता। एन. मारिया भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग करती हैं। एन. मारिया हालांकि अपने ही नेशनल रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गईं। स्नैच और क्लीन एंड जर्क को मिलाकर एन. मारिया ने 231 किलोग्राम के साथ नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। ये कारनामा उन्होंने नेशनल चैम्पियनशिप में किया था। वह हालांकि क्लीन एंड जर्क में अपना सर्वश्रेष्ठ देकर खुश हैं।
बुधवार के दिन कुल 17 स्वर्ण पदक दांव पर थे। जैन यूनिवर्सिटी ने पदक तालिका में अपनी स्थिति को मजबूत किया है। उसके 11 स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक सहित कुल 17 पदक हैं। इस दिन पांच मीट रिकॉर्ड्स बने। एना यूनिवर्सिटी ने दिन का पहला मीट रिकॉर्ड बनाया। इस टीम ने पुरुषों की 4×100 मीटर मेडले में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। श्रीहरि नटराज और शिवा श्रीधर जैसे खिलाड़ियों से सजी जैन यूनिवर्सिटी आखिरी चरण तक आगे थी लेकिन एना यूनिवर्सिटी के अधादित्य दिनेश ने बेहतरीन तैराकी और अपनी फ्लिप टर्न से पासा पलट दिया।
जैन यूनिवर्सिटी ने अपना दिन का पहला पदक बैडमिंटन में जीता। उसने पुरुष और महिला दोनों वर्ग में अपनी चमक बिखेरी। दो पदक निशानेबाजी में मिक्स्ड टीम इवेंट्स में जीते। सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। उसे रासिका कुल्वे और गजानन खांडाग्ले की जोड़ी ने ये सफलता दिलाई। इस जोड़ी ने मणिपाल यूनिवर्सिटी के मनीनी कौशिक और यशवर्धन को हराया। गजानन ने 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य भी जीता वहीं महिला बास्केटबॉल में मद्रास यूनिवर्सिटी ने एसआरएम यूनिवर्सिटी को 65-48 से मात देकर स्वर्ण पदक जीता।

 

रिलेटेड पोस्ट्स