इविन लुईस ने लखनऊ के नवाबों को जिताया

लुईस ने 23 गेंद पर जड़े 55 रन
पहली बार चेन्नई सीजन के शुरुआती दो मैचों में हारी
मुम्बई।
चार बार की चैम्पियन टीम चेन्नई सुपरकिंग्स आईपीएल 2022 में लगातार दूसरे मैच में हार गई। उसे इविन लुईस की धमाकेदार पारी से लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुरुवार (31 मार्च) को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में छह विकेट से हरा दिया। लखनऊ की आईपीएल में यह पहली जीत है। उसे पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने हराया था। वहीं, चेन्नई को पहले मैच में कोलकाता के खिलाफ हार मिली थी।
चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम आईपीएल इतिहास में पहली बार किसी सीजन के शुरुआती दो मैचों में हारी है। इस सीजन में दूसरी बार ऐसा हुआ है कि किसी टीम ने 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ पंजाब किंग्स ने 206 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया था।
मैच में लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 19.3 ओवर में 211 रन बनाकर मैच जीत गई। उसके लिए इविन लुईस ने 23 गेंद पर नाबाद 55 रन बनाए। लुईस को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डीकॉक ने पहले विकेट के लिए 10.2 ओवर में 99 रनों की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने विस्फोटक पारी खेली। राहुल 26 गेंद पर 40 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से दो चौके और तीन छक्के निकले। उनका स्ट्राइक रेट 153.85 का रहा। राहुल को ड्वेन प्रिटोरियस ने आउट किया। इस दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज का आईपीएल में यह पहला विकेट है।
राहुल के आउट होने के बाद मनीष पांडे भी जल्द ही चलते बने। उन्हें तुषार देशपांडे ने ड्वेन ब्रावो के हाथों कैच कराया। पांडे छह गेंद पर पांच रन ही बना सके। इसके बाद इविन लुईस और डीकॉक ने तीसरे विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की। डीकॉक को प्रिटोरियस ने महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराया। उन्होंने 45 गेंद पर 61 रन बनाए। इस दौरान नौ चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 135.56 का रहा।
चेन्नई की पारी की बात करें तो टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में ही लगा। ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ एक रन बनाकर रनआउट हो गए। उन्होंने रॉबिन उथप्पा के साथ पहले विकेट के लिए 28 रनों की साझेदारी दी। ऋतुराज के आउट होने के बाद मोईन अली क्रीज पर आए। इसके बाद उथप्पा और मोईन ने मिलकर तेजी से रन बनाए। दोनों ने 7.3 ओवर में चेन्नई को 84 रन तक पहुंचा दिया। यहां पर उथप्पा के रूप में टीम को दूसरा झटका लगा। वे 27 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान आठ चौके और एक छक्का लगाया। उथप्पा का स्ट्राइक रेट 185.19 का रहा। उन्होंने आईपीएल करियर का 26वां अर्धशतक लगाया। उन्हें रवि बिश्नोई ने एलबीडब्ल्यू कर दिया।
दो विकेट गिर जाने के बाद मोईन और शिवम दुबे ने टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। 11वें ओवर की पहली गेंद पर मोईन आउट हो गए। उन्हें आवेश खान ने क्लीन बोल्ड कर दिया। मोईन ने 22 गेंद पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 35 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 159.09 का रहा। शिवम दुबे ने अंबाती रायुडू के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। रायुडू ने 20 गेंद पर 27 रन बनाए। उनके बल्ले से दो चौके और दो छक्के निकले। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 135 का रहा। शिवम दुबे अपने अर्धशतक से चूक गए। वे 30 गेंद पर 49 रन बनाकर 19वें ओवर में आउट हुए। दुबे ने पांच चौके और तीन छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 163.33 का रहा।
19वें ओवर में महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर उतरे। उन्होंने आते ही पहली ही गेंद पर छक्का लगा दिया। धोनी ने अंतिम 10 गेंदों में से छह गेंदों का सामना किया। इस दौरान 16 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। धोनी का स्ट्राइक रेट 266.67 का रहा। आखिरी ओवर में चेन्नई को दो झटके लगे। रवींद्र जडेजा नौ गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हुए। ड्वेन प्रिटोरियस डेब्यू आईपीएल मैच में खाता नहीं खोल सके।

रिलेटेड पोस्ट्स