प्रीतम सिवाच अकादमी ने जीता महिला हॉकी अंडर-21 का खिताब

खेलो इंडिया महिला हॉकी लीगः भुवनेश्वर को 5-0 से हराया 
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
सोनीपत की प्रीतम सिवाच अकादमी ने बुधवार को यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में हुए फाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल भुवनेश्वर को 5-0 से हराकर खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग अंडर-21 खिताब अपने नाम किया। मंजू चौरिसया ने विजेता टीम के लिये दो गोल दागे जबकि अन्य तीन गोल तनु, रितिका और कप्तान भारती सरोहा ने दागे।
मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी, साई ‘बी’ टीम और साई ‘ए’ टीम क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर रहीं। सोनीपत की अकादमी द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता और पूर्व भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान प्रीतम रानी सिवाच की है। उनके पति कुलदीप सिवाच अंडर-21 महिला टीम के कोच हैं जिसने ट्राफी के साथ 10 लाख रूपये की पुरस्कार राशि भी जीती। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के फायनल मुकाबले में प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी, सोनीपत ने स्पोर्ट्स हॉस्टल भुवनेश्वर की टीम को 5-0 से हराकर विजेता होने का गौरव हासिल किया जबकि स्पोर्ट्स हॉस्टल भुवनेश्वर की टीम उपविजेता रही।
मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी को तीसरा स्थान 
बुधवार को खेले गए तीसरे और चौथे स्थान के मुकाबले में मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी ने साई बी को 4-3 से परास्त कर फायनल फेज में तीसरा स्थान हासिल किया। म.प्र. हॉकी अकादमी की टीम को चार लाख रुपये की पुरस्कार राशि से पुरस्कृत किया गया। दो लाख रूपये खेलो इंडिया तथा दो लाख रूपये स्पोर्ट्स अथॉरटी ऑफ इंडिया (साई) से मिले।  
मुकाबले के पहले क्वार्टर के दूसरे मिनट में म.प्र. हॉकी अकादमी की खिलाड़ी स्वाति ने फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलायी। इसी क्वार्टर के 7वें मिनट में साई-बी की खिलाड़ी लोटला मेरी ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। मैच के 7वें मिनट में साई-बी की टीम को पेनॉल्टी कार्नर मिला जिसे विनम्रता यादव ने गोल में बदल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिलायी। मैच के दूसरे क्वार्टर में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। तीसरे क्वार्टर के 32वें मिनट में म.प्र. हॉकी अकादमी की स्नेहा पटेल ने फील्ड गोल कर टीम का स्कोर 2-2 कर दिया। मैच के 41वें मिनट में म.प्र. हॉकी अकादमी की कप्तान सोनिया कुमरे ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 3-2 से बढ़त दिलायी। मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर के 56वें मिनट में साई-बी की खिलाड़ी सुष्मिता पन्ना ने फील्ड गोल कर अपनी टीम का स्कोर 3-3 से बराबरी पर ला दिया। मैच के 56वें मिनट में ही म.प्र. हॉकी अकादमी की टीम को पेनॉल्टी कार्नर मिला जिसे अकादमी की खिलाड़ी ज्योति सिंह ने गोल में बदल कर अपनी टीम को 4-3 से विजय दिलायी।

रिलेटेड पोस्ट्स