वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड

राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए किया क्वालीफाई
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत की स्टार महिला वेटलिफ्टर और टोक्यो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। मीराबाई ने शुक्रवार को सिंगापुर भारोत्तोलन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ ही वह अब बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के 55 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी दावेदारी पेश करेंगी। 
चानू ने जीत के बाद अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने पदक के साथ तस्वीर साझा कर लिखा, "मैंने राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। छह महीने का गहन प्रशिक्षण और खेल के लिए मेरा कभी न खत्म होने वाला प्यार अब भी रंग ला रहा है।"
सिंगापुर भारोत्तोलन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में पहली बार 55 किलोग्राम भारवर्ग में भाग लेने वाली चानू ने कुल 191 किलोग्राम (86 किग्रा और 105 किग्रा) भार उठाया। इस दौरान उन्हें किसी तरह की चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा और वह आसानी से शीर्ष स्थान पर रहीं। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि ऑस्ट्रेलिया की जेसिका सेवास्टेंको दूसरे स्थान पर रहीं जबकि उन्होंने कुल 167 किग्रा (77 किग्रा + 90 किग्रा) वजन उठाया, जो चानू से 24 किग्रा कम था। मलयेशिया की एली कैसेंड्रा एंगलबर्ट 165 किग्रा (75 किग्रा + 90 किग्रा) के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
इवेंट के पहले दिन प्रतिस्पर्धा करने वाले अन्य तीन भारतीय भारोत्तोलकों - संकेत सागर (55 किग्रा), ऋषिकांत सिंह (55 किग्रा) और बिंद्यारानी देवी (59 किग्रा) ने भी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया। बिंद्यारानी देवी ने 59 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण जीता तो वहीं 55 किलोग्राम भारवर्ग में संकेत ने स्वर्ण और ऋषिकांत सिंह ने रजत अपने नाम किया। 
दिसम्बर में विश्व चैम्पियनशिप से हटने वाली चानू की पिछले साल टोक्यो ओलम्पिक में सिल्वर मेडल जीतने के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद यह पहली प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिता थी। इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने राष्ट्रमंडल रैंकिंग के आधार पर 49 किलोग्राम में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया था लेकिन भारत की अधिक स्वर्ण पदक जीतने की संभावनाएं बढ़ाने के लिए चानू ने 55 किलोग्राम में भाग लेने का फैसला किया।

रिलेटेड पोस्ट्स