खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय पदक का लक्ष्य निर्धारित कर अभ्यास करेंः यशोधरा राजे

खेल मंत्री ने किया नव-निर्मित मार्शल ऑर्ट भवन का लोकार्पण
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को टी.टी. नगर स्टेडियम परिसर में एक और सर्व-सुविधायुक्त आधुनिक खेल भवन की सौगात मिली है। प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने 23 फरवरी को स्टेडियम परिसर में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नव-निर्मित मार्शल ऑर्ट भवन का लोकार्पण किया। भवन में तीन खेल विधाएँ कुश्ती, बॉक्सिंग और फेंसिंग संचालित होंगे। तीस हजार स्क्वायर फीट में तैयार इस भवन में कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइब्रेरी और लिफ्ट की भी व्यवस्था है।
खेल मंत्री सिंधिया ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अपना लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल करने का निर्धारित कर प्रैक्टिस करें। आज की मेहनत और लगन कल की ताकत बनेगी। खेल अकादमी में हर सुविधा उपलब्ध है, जो आपको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुँचने में मदद करेगी। खेल मंत्री ने बॉक्सिंग प्रैक्टिस एरीना के पंचिंग स्टेशन पर बॉक्सिंग कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब हमारी राज्य खेल अकादमियों के खिलाड़ी, एशियन और ओलम्पिक क्वालीफाइंग में अपना स्थान बनायें, इसके लिये बेहतरीन प्रशिक्षकों को जोड़ा गया है। 
उन्होंने कहा कि अब बॉक्सिंग, कुश्ती और फेंसिंग खेलों के लिये भी विदेशी प्रशिक्षकों की सेवाएँ ली जायेंगी और अगर जरूरत पड़ेगी तो खिलाड़ियों को विदेश में प्रशिक्षण के लिये भी भेजा जायेगा। संचालक खेल एवं युवा कल्याण रवि कुमार गुप्ता, प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा आकाश त्रिपाठी तथा राजीव गाँधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि इस सर्व-सुविधायुक्त आधुनिक मार्शल ऑर्ट भवन का भूमि पूजन खेल मंत्री  यशोधरा राजे सिंधिया ने अपने कर कमलों द्वारा 24 अप्रैल, 2018 को किया था। 
कुश्ती अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा अर्जित उपलब्धियां
मध्य प्रदेश राज्य कुश्ती अकादमी की स्थापना जुलाई, 2007 में की गई। स्थापना से अब तक कुश्ती अकादमी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 16 स्वर्ण, 65 रजत और 116 कांस्य सहित 197 पदक तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुश्ती खिलाड़ियों ने 3 रजत और 5 कांस्य सहित 8 पदक अर्जित किए।
बॉक्सिंग अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा अर्जित उपलब्धियां
मध्य प्रदेश राज्य कुश्ती अकादमी की स्थापना भोपाल में वर्ष 2007 में की गई। अकादमी की स्थापना से अब तक बॉक्सिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 108 स्वर्ण, 87 रजत और 160 कांस्य सहित 355 पदक तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 11 स्वर्ण, 18 रजत और 13 कांस्य सहित 43 पदक अर्जित किए हैं।  
फेंसिंग अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा अर्जित उपलब्धियां
मध्य प्रदेश राज्य फेंसिंग अकादमी की स्थापना भोपाल में वर्ष 2007 में की गई। म.प्र. राज्य फेंसिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 3 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 9 पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर 38 स्वर्ण, 52 रजत और 79 कांस्य सहित कुल 169 पदक अर्जित किए हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स