भारतीय हॉकी टीम में दो नए खिलाड़ी शामिल

मनप्रीत सिंह ही करेंगे कप्तानी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने वाले कप्तान मनप्रीत सिंह पर एक और बड़ी जिम्मेदारी है। अब यह स्टार मिडफील्डर 8 से 13 फरवरी के बीच दक्षिण अफ्रीका और फ्रांस के खिलाफ होने वाले डबल लेग एफआईएच प्रो लीग में टीम की कमान संभालेगा। मुकाबले के लिए 20 सदस्यीय भारतीय हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई है। ड्रैगफ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को उपकप्तान बनाया गया है।
युवा ड्रैगफ्लिकर जुगराज सिंह और स्ट्राइकर अभिषेक को पहली बार भारतीय हॉकी टीम में शामिल किया गया है। पंजाब के अटारी के रहने वाले जुगराज पहली हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष इंटर डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप के दौरान राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इसके बाद उन्हें पहली बार सीनियर राष्ट्रीय शिविर में शामिल होने का मौका मिला। 
दूसरी ओर, अभिषेक एक स्ट्राइकर हैं जो पहले जूनियर कार्यक्रम का हिस्सा थे। वे 2017 और 2018 में सुल्तान ऑफ जोहोर कप में भारत के लिए खेले थे। हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले अभिषेक ने पंजाब नेशनल बैंक के लिए पहली सीनियर मेन इंटर डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप में भी अच्छा प्रदर्शन किया।  इससे उन्हें पहली बार सीनियर नेशनल कैंप में जगह बनाने में मदद मिली।
20 सदस्यीय टीम में गोलकीपर पीआर श्रीजेश और कृष्ण बहादुर पाठक भी शामिल हैं। डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, सुरेंद्र कुमार, वरुण कुमार, जरमनप्रीत सिंह और जुगराज भी दल का हिस्सा हैं। मिडफील्ड में मनप्रीत के साथ नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, जसकरण सिंह, शमशेर सिंह और विवेक सागर प्रसाद होंगे। फॉरवर्ड लाइन में मंदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, आकाशदीप सिंह, शिलानंद लकरा, दिलप्रीत सिंह और अभिषेक शामिल हैं। कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए भारत पांच स्टैंडबाई खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम में चार अतिरिक्त खिलाड़ियों को रखा है। भारतीय टीम चार फरवरी को बेंगलुरु से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होगी।
भारतीय टीम का शेड्यूलः भारत अपने पहले मैच में 8 फरवरी को फ्रांस से खेलेगा और अगले दिन मेजबान दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा। भारतीय टीम 12 फरवरी को फिर से फ्रांस से खेलेगी और उसके बाद अगले दिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उतरेगी। सभी मैच दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में होंगे।
भारतीय हॉकी टीम: गोलकीपर: पी आर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक। डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (उप-कप्तान), अमित रोहिदास, सुरेंद्र कुमार, वरुण कुमार, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह। मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह (कप्तान), नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, जसकरण सिंह, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद। फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, आकाशदीप सिंह, शिलानंद लकरा, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक। स्टैंडबाय: सूरज करकेरा, मंदीप मोर, राजकुमार पाल, सुमित, गुरसाहिबजीत सिंह।

रिलेटेड पोस्ट्स