विदित जीत की पटरी पर लौटे, ग्रैंडेलियस को हराया

प्रज्ञानानंदा को फिर मिली हार
नई दिल्ली।
भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज के आठवें दौर का मुकाबला अपने नाम किया। सातवें दौर में हार का सामना करने वाले विदित ने आठवें दौर में स्वीडन के निल्स ग्रैंडेलियस को हराया। वह अब मास्टर्स सेक्शन में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। विदित अजरबैजान के मामेदियारोव और मैग्नस कार्लसन से आधे अंक से पीछे हैं।
अन्य मुकाबले में भारत के आर प्रज्ञानानंदा को अजरबैजान के शखरियार मामेदियारोव के हाथों हार का सामना करना पड़ा। जबकि दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने सैम शैंकलैंड से ड्रॉ खेला। मामेदियारोव अब कार्लसन के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। 16 वर्षीय प्रज्ञानानंदा आठ दौर के बाद ढाई अंक ही बना सके हैं। चैलेंजर्स वर्ग में भारत के ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी ने डेनमार्क के जोनास बुहाल ब्येरे को हराकर बढत बना ली है। सूर्यशेखर गांगुली आठवें दौर में हार के बाद नौवें स्थान पर खिसक गए।

रिलेटेड पोस्ट्स