रवि दहिया ने की भारत में दौड़ की शुरुआत

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल की क्वीन्स बैटन रिले
खेलपथ संवाद
नयी दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक के रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया ने बुधवार को यहां राष्ट्रीय राजधानी में सांकेतिक दौड़ के साथ बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिये क्वीन्स बैटन रिले के भारतीय चरण की शुरुआत की। बर्मिंघम खेलों की क्वीन्स बैटन सोमवार को यहां पहुंची थी। दहिया ने कहा, ‘बैटन रिले का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। 
राष्ट्रमंडल खेलों के लिये मेरी तैयारियां बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही हैं और मैं बर्मिंघम में स्वर्ण पदक जीतने को लेकर आश्वस्त हूं।' बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच किया जाएगा। पिछली बार के खेलों से इतर इस बार क्वीन्स बैटन रिले का आयोजन महामारी के कारण सांकेतिक रूप से किया जा रहा है। 
दिल्ली में क्वीन्स बैटन रिले में भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता सहित अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त अलेक्स एलिस भी उपस्थित थे। क्वीन्स बैटन रिले अब 14 जनवरी को बेंगलुरू और 15 जनवरी को भुवनेश्वर में आयोजित की जाएगी। इसे अहमदाबाद का दौरा भी करना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे रद्द कर दिया गया।

रिलेटेड पोस्ट्स