ओलम्पिक तैयारियों में लगे खिलाड़ी पहले खर्च का हिसाब दें

सात करोड़ 13 हजार रुपये का हिसाब-किताब
2018 से 2021 तक का है हिसाब
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
ओलम्पिक की तैयारियों के लिए नामी खिलाड़ियों को टारगेट ओलम्पिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) से लाखों-करोड़ों रुपयों की धनराशि तो उपलब्ध करा दी गई, लेकिन ज्यादातर नामी खिलाड़ियों ने इस राशि का हिसाब चुकता नहीं किया है। देश के नामी खिलाड़ियों को सात करोड़ 13 हजार रुपये का हिसाब टॉप्स डिवीजन को देना है।
मिशन ओलम्पिक सेल ने इन खिलाड़ियों से जल्द से जल्द धनराशि के प्रयोग के बदले यूटिलाइजेशन सर्टीफिकेट (यूसी) उपलब्ध कराने को कहा है। अगर 31 जनवरी तक खिलाड़ियों ने हिसाब नहीं दिया तो उन्हें तैयारियों के लिए दी जाने वाली आगे की आर्थिक मदद को बंद कर दी जाएगी। ओलम्पिक की तैयारियों के लिए कुछ शूटर और खिलाड़ी तो ऐसे हैं जिन्हें एक करोड़ रुपये से भी अधिक की मदद की गई है। 
टॉप्स से मदद पाने के बाद खिलाड़ियों की ओर से हिसाब नहीं देने की आदत पुरानी है। खिलाड़ियों पर सात करोड़ का हिसाब 2018 से 30 सितम्बर 2021 तक बनता है। 2018 से जून 2019 तक खिलाड़ियों ने 64 लाख 54 हजार रुपये, एक जुलाई 2019 से 31 मार्च 2020 तक एक करोड़ 16 लाख 46 हजार रुपये, एक अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2021 तक एक करोड़ 93 लाख 53 हजार रुपये और एक अप्रैल 2021 से 30 सितम्बर 2021 तक तीन करोड़ 25 लाख 58 हजार रुपये का हिसाब खिलाड़ियों ने चुकता नहीं किया है।
मिशन ओलम्पिक सेल की बैठक में जब इस मुद्दे को रखा गया तो सदस्यों ने निर्देश दिया कि खिलाड़ियों से जल्द से जल्द इस राशि का हिसाब चुकता करने को कहा जाए। अगर खिलाड़ी 31 जनवरी तक इस हिसाब को चुकता नहीं करते हैं तो उनकी आगे की जाने वाली आर्थिक मदद को रोक दिया जाएगा।
हिसाब नहीं देने वालों में कई बड़े नाम होने के चलते अब तक उन पर कड़ा दबाव नहीं बनाया जा सका, लेकिन खिलाड़ियों से जल्द से जल्द यूसी देने को कहा जा रहा है। रियो ओलम्पिक के बाद भी कुछ शूटरों ने लाखों रुपयों का हिसाब नहीं दिया था। कुछ सालों तक मामला लटकने के बाद खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया गया। उनसे कहा गया कि अगर वह हिसाब नहीं देंगे तो उनके सरकारी संस्थानों से मिलने वाले वेतन से इसमें कटौती की जाएगी। इसके बाद एक शूटर ने लाखों के बकाए को चुकता किया था।
टोक्यो ओलम्पिक से पहले टॉप्स में शामिल खिलाड़ी
कोर ग्रुप-225, डेवलपमेंटल ग्रुप-251, कोर ग्रुप में सर्वाधिक खिलाड़ी- पुरुष, महिला हॉकी टीम-58, एथलेटिक्स-34, शूटिंग-16
2016 से 2021 तक टॉप्स के तहत खिलाड़ियों पर खर्च 
18 ओलम्पिक और पैरा खेलों में 78.13 करोड़, सात खेलों के 32 खिलाड़ियों पर 44.41 करोड़।

रिलेटेड पोस्ट्स