डोपिंगरोधी नियमों का उल्लंघन करने में भारत तीसरे स्थान पर

152 मामलों में सर्वाधिक 57 बॉडी-बिल्डिंग से
खेलपथ संवाद
मुम्बई।
भारत विश्व के उन देशों की सूची में बना हुआ है जहां डोपिंग के सर्वाधिक मामले पाए गए हैं और 2019 में डोपिंगरोधी नियमों का उल्लंघन करने के मामलों के आधार पर वह तीसरे स्थान पर था। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार भारत में 2019 में डोपिंगरोधी नियमों के उल्लंघन के 152 मामले (विश्व के कुल मामलों का 17 प्रतिशत) पाए गए।
इसमें डोपिंग के सर्वाधिक आरोपी बॉडी-बिल्डिंग (57) में पाए गए। डोपिंगरोधी नियमों का उल्लंघन करने वाले ओलम्पिक खेलों में भारोत्तोलन 25 मामलों के साथ सबसे आगे है। उसके बाद एथलेटिक्स (20) और कुश्ती (10) का नम्बर आता है। मुक्केबाजी और जूडो में चार-चार ऐसे मामले पाए गए। चार क्रिकेटरों ने भी 2019 में डोपिंगरोधी नियमों का उल्लंघन किया था। 
भारत इस सूची में केवल रूस (167) और इटली (157) से पीछे है, जबकि ब्राजील (78) चौथे और ईरान (70) पांचवें स्थान पर है। अंतरराष्ट्रीय डोपिंग रोधी नियमों का पालन नहीं करने के कारण रूस टोक्यो ओलम्पिक में अपनी राष्ट्रीय टीम को नहीं उतार पाया था और उसके खिलाड़ियों ने रूसी ओलम्पिक समिति के तहत हिस्सा लिया था।
भारत 2018 में डोपिंगरोधी नियमों के उल्लंघन के मामलों में चौथे जबकि 2017 में सातवें स्थान पर था। भारत में 2017 में 57 जबकि 2018 में 107 मामले पाए गए थे। वह 2018 में रूस (144), इटली (132) और फ्रांस (114) के बाद चौथे स्थान पर था। उस रिपोर्ट में डोपिंगरोधी नियमों का उल्लंघन करने वाले सर्वाधिक खिलाड़ी भारोत्तोलन (22) से थे और उसके बाद एथलेटिक्स (16) का नम्बर था।

रिलेटेड पोस्ट्स