ओलम्पिक और पैरालम्पिक में ऐतिहासिक रहा यह साल

भारत ने कुल 26 पदक जीते
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
कोरोना की वजह से 2020 ओलम्पिक और पैरालम्पिक का आयोजन 2021 में किया गया और यह साल भारत के लिए बहुत ही बेहतरीन रहा है। इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने ओलम्पिक और पैरालम्पिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 26 पदक अपने नाम किए। नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में सोना जीतकर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। 
यह दूसरा मौका था, जब भारत ने व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले सिर्फ अभिनव बिंद्रा ही यह कारनामा कर पाए थे। इसके अलावा मीराबाई चानू, रवि दाहिया, लवलीना और पीवी सिंधू जैसे खिलाड़ियों ने भी भारत के लिए पदक जीते। टोक्यो में भारत ने कुल 7 पदक अपने नाम किए। भारत 1900 से ओलंपिक में हिस्सा ले रहा है और भारतीय खिलाड़ियों का अब तक का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इससे पहले भारत ने 2012 के लंदन ओलम्पिक में 6 पदक जीते थे।
हॉकी में 41 साल बाद पदक जीता
इस बार भारत की पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। 41 साल बाद ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने कोई पदक जीता। इससे पहले भारत ने 1980 में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं नीरज चोपड़ा ने भारत को 121 साल के ओलम्पिक इतिहास में पहली बार एथलेटिक्स में पदक दिलाया। इससे पहले किसी भारतीय ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में पदक नहीं जीता था। 1900 में नॉर्मन प्रिटचार्ड ने एथलेटिक्स में दो रजत पदक जीते थे। हालांकि, वे भारतीय नहीं, बल्कि भारत ने जन्मे अंग्रेज थे। 
पैरालम्पिक में भी 19 पदक जीते
टोक्यो पैरालम्पिक 2020 में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 19 पदक जीते और पदक तालिका में देश 24वें स्थान पर रहा। रियो पैरालंपिक में महज चार पदक जीतने वाले भारत ने टोक्यो में 19 पदक जीते। यह भारत का पैरालंपिक में अबतक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय खिलाड़ियों ने कुल पांच गोल्ड, आठ सिल्वर और छह ब्रांज मेडल जीते। भारत ने 1972 में पहली बार पैरालंपिक में हिस्सा लिया था, उसके बाद से लेकर 2016 तक भारतीय खिलाड़ी कुल मिलाकर 12 ही पदक जीत पाए थे। 
बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्णा नागर, सुहास यतिराज और मनोज सरकार ने बैडमिंटन में सिल्वर मेडल जीता। प्रमोद भगत पैरालंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय हैं। पैरालंपिक खेलों में भारत ने पांच गोल्ड मेडल हासिल किए। दो मेडल शूटिंग, दो बैडमिंटन और एक जैवलिन थ्रो में मिला। 

रिलेटेड पोस्ट्स