जापान को 6-0 से रौंदकर भारत अजेय

एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट के खिलाफ हरमनप्रीत ने दागे दो गोल
ढाका।
एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी में भारत का दबदबा जारी है। पाकिस्तान को पिछले मैच में 3-1 से हराने के बाद भारतीय टीम ने जापान को रविवार को खेले गए मैच में 6-0 से रौंद दिया। इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैम्पियन टीम इंडिया राउंड रॉबिन स्टेज में अजेय रही।
भारत के लिए उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे। इसके अलावा दिलप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह, सुमित और शमशेर सिंह ने एक-एक गोल दागे। भारत और जापान के बीच मैच ढाका के मौलाना भसानी हॉकी स्टेडियम में खेला गया। 
टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। राउंड रॉबिन स्टेज में टीम ने 10 अंक अर्जित किए और ग्रुप में टॉप पर रही। इसके बाद कोरिया छह अंक के साथ दूसरे, जापान पांच अंक के साथ तीसरे, पाकिस्तान दो अंक के साथ चौथे और बांग्लादेश (0) पांचवें स्थान पर रहा।
जापान के खिलाफ मिली जीत, टीम इंडिया की इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत थी। टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत को कोरिया से 2-2 से ड्रॉ खेलना पड़ा था। इसके बाद मनप्रीत सिंह की टीम ने जबरदस्त वापसी की और बांग्लादेश को 9-0 से रौंदा। इसके बाद पाकिस्तान और जापान के खिलाफ जीत हासिल की।
अब भारत को सेमीफाइनल खेलना है। हालांकि, विपक्षी टीम की घोषणा अभी तक नहीं हुई है, लेकिन यह जीत भारतीय टीम के हौसले मजबूत करेगी। जापान 2018 एशियन गेम्स का गोल्ड मेडलिस्ट रह चुका है वहीं, भारत को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा था। मलेशिया की टीम सिल्वर मेडल जीती थी। 
भारतीय टीम ने इस मैच में एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट को हर डिपार्टमेंट में शिकस्त दी। चाहे वह डिफेंडिंग हो या अटैकिंग, भारतीय टीम हर जगह अव्वल रही। पहले हाफ में भारत ने दबदबा बनाए रखा। टीम को छह मिनट के अंदर दो लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम दोनों में से किसी को गोल में तब्दील नहीं कर सकी। 
इसके बाद जापान ने भी पेनल्टी कॉर्नर मिस किए। इसके बाद पहले क्वार्टर के 10वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। हार्दिक सिंह के फ्लिक को उपकप्तान हरमनप्रीत ने शानदार शॉट से गोल में तब्दील किया और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। 23वें मिनट में मनदीप सिंह, शीलानंद लाकरा और दिलप्रीत सिंह की तिकड़ी ने भारत को एक और सफलता दिलाई।
दिलप्रीत ने आखिर में शानदार स्ट्रोक पर गोल दागा और टीम इंडिया 2-0 से आगे हो गई। इसके बाद जरमनप्रीत सिंह ने 34वें और सुमित ने 46वें मिनट में गोल दाग टीम की बढ़त 4-0 की कर दी। यहां से जापान के लिए वापसी करना लगभग नामुमकिन हो गया। 
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश के बिना आई है। सुरज करकेरा भारतीय टीम के गोलकीपर हैं। उन्होंने इस मैच में कई शानदार बचाव भी किए। हरमनप्रीत ने 53वें और शमशेर सिंह ने 54वें मिनट में दो गोल दाग भारत को 6-0 की बढ़त दिलाई और यह स्कोर अंत तक बना रहा। इस तरह भारतीय टीम ने जीत हासिल की। 
टीम इंडिया ने इसी साल टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीता था। भारत को ओलंपिक मेडल करीब 40 साल और आठ ओलंपिक के बाद मिला था। 2020 टोक्यो ओलंपिक से पहले भारत ने 1980 मॉस्को ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। टोक्यो ओलंपिक के बाद से टीम इंडिया शानदार फॉर्म में है।

रिलेटेड पोस्ट्स