भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवान को जड़ा थप्पड़

कैसरगंज सांसद हैं भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष
खेलपथ संवाद
रांची।
भारतीय जनप्र​​तिनिधि अपने अमर्यादित व्यवहार और बयानों को लेकर आयेदिन सुर्खियों में रहते हैं। ताजा मामला भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और यूपी के कैसरगंज से सांसद बृजभूषण शरण सिंह से जुड़ा सामने आया है। इस मामले में भाजपा सांसद ने रांची में आयोजित कुश्ती चैम्पियनशिप के दौरान एक युवा पहलवान को थप्पड़ जड़ दिया। अब इसका वीडियो वायरल हो रहा है। इसे लेकर प्रतियोगिता के दौरान हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। पहलवानों ने इस घटना को लेकर विरोध भी जताया है, लेकिन भाजपा सांसद ने अभी तक माफी नहीं मांगी है।
जानकारी के मुता​बिक झारखंड की राजधानी रांची के शहीद गणपत राय इंडोर स्टेडियम होटवार में चल रही अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैम्पियनशिप के दौरान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने एक युवा पहलवान को थप्पड़ जड़ दिया। पहलवान उत्तर प्रदेश का था। दरअसल, कुश्ती चैम्पियनशिप में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह उस समय अपना आपा खो बैठे जब एक ओवर-एज पहलवान उनसे जबरदस्ती प्रतियोगिता में शामिल कराने का आग्रह करने लगा। इसके विरोध में बाकी पहलवानों ने हंगामा खड़ा कर दिया। दरअसल, रांची में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में एज वेरिफिकेशन के दौरान यूपी के एक पहलवान को 15 वर्ष से ऊपर का पाया गया और तकनीकी आधार पर उसे अयोग्य घोषित कर दिया गया। अयोग्य घोषित होने के बाद पहलवान ने प्रतियोगिता की टेक्निकल टीम के सामने पहले आपत्ति दर्ज कराई। जब उसकी आपत्ति खारिज कर दी गई तो उसने स्टेज पर पहुंचकर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह से बात करने की कोशिश की। वह अपनी बात रखकर उन्हें मंजूरी देने की अपील कर रहा था।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि जब उसे तकनीकी टीम ने अयोग्य घोषित कर दिया है तो वह प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकता। इसी मुद्दे पर पहलवान बहस करने लगा। पहलवान की बहस पर अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने आपा खो दिया और युवा पहलवान को स्टेज पर ही थप्पड़ जड़ दिया। इस पर हंगामा होने लगा तो बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि पहलवान डिस्क्वालीफाई होने के बावजूद बदतमीजी पर उतर आया था। इसी वजह से आवेश में आकर उन्होंने हाथ चलाया। 
उन्होंने कहा कि हमारे संघ में अनुशासनहीनता की जगह नहीं है। बृजभूषण शरण सिंह के थप्पड़ मारने के बाद मंच पर मौजूद लोगों ने युवा पहलवान को मंच से उतार दिया। वीडियो में सांसद जी का गुस्सा साफ देखा जा सकता है। झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। इसके साथ ही शुक्रवार को इस प्रतियोगिता का समापन हो गया। यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 15 दिसम्बर को शुरू हुई थी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के 800 से अधिक पहलवानों ने भाग लिया। 
कौन हैं बृजभूषण शरण सिंह? 
बृजभूषण शरण सिंह सांसद हैं। 1991 में वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में उत्तर प्रदेश के गोंडा निर्वाचन क्षेत्र से 10वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। वह 1999 में उसी निर्वाचन क्षेत्र से 13वीं लोकसभा के लिए फिर से चुने गए। 2004 में वे भाजपा के टिकट पर उत्तर प्रदेश राज्य के बलरामपुर निर्वाचन क्षेत्र से 14वीं लोकसभा के लिए फिर से चुने गए। 20 जुलाई, 2008 को वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। 2009 में वह उत्तर प्रदेश राज्य के कैसरगंज निर्वाचन क्षेत्र से 15वीं लोकसभा के लिए फिर से चुने गए। बाद में वह 16वें आम चुनाव से कुछ महीने पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और वर्तमान में वह कैसरगंज से 17वीं लोकसभा के सदस्य हैं। वह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष भी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स