भारत ने क्रिकेट की हार का बदला हॉकी में चुकाया, सेमीफाइनल में प्रवेश

एशियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को दी 3-1 से मात
ढाका।
एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी में आज भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 3-1 से पराजित कर टी-20 विश्व कप क्रिकेट में हुई हार का बदला ले लिया है। इसी के साथ भारतीय हॉकी टीम ने प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में भी प्रवेश कर लिया है।
भारत के लिए हरमनप्रीत ने दो और आकाशदीप ने एक गोल किया है वहीं पाकिस्तान की तरफ से जुनैद ने गोल किया। भारत के लिए पहला गोल पहले क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह ने दागा था। हरमनप्रीत को यह गोल पेनल्टी कॉर्नर से मिला था। भारत के लिए आकाशदीप सिंह ने मैच में दूसरा गोल किया। हरमनप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके भारत को बढ़त दिलाई। पाकिस्तानी टीम का रिकॉर्ड इस टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ अच्छा था लेकिन इस मैच में पाकिस्तान लय में नहीं दिखा। 
मैच के तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया और एक-एक गोल किए। भारत के लिए दूसरा गोल आकाशदीप ने किया और टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद पाकिस्तान के जुनैद मंजूर ने गोल कर भारत की बढ़त को कम किया। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने पहली बार पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन उसे गोल में नहीं बदल सका। नीलम संजीव की गलती के चलते पाकिस्तान को यह मौका मिला था, लेकिन सूरज करकेरा ने बाएं पैर से गेंद को रोककर उनका प्रयास सफल नहीं होने दिया। इसके तुरंत बाद भारत को एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत ने मैच का दूसरा गोल करते हुए टीम इंडिया की बढ़त को और मजबूत कर दिया। पाकिस्तान ने इस मैच में दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर भी हासिल किया, लेकिन यहां भी गोल नहीं कर सका।
ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता भारत टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत नहीं कर पाया था। उसने पहले मैच में कोरिया को वापसी का मौका दिया और आखिर में यह मैच 2-2 से ड्रॉ पर छूटा। हालांकि टीम इंडिया अगले मैच में बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ पूरी तरह से बदली हुई नजर आई और उसने एकतरफा मुकाबले में 9-0 से जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम ने शुरू से आखिर तक दबदबा बनाए रखा। हरमनप्रीत की अगुवाई में भारतीय डिफेंडर्स ने अच्छा खेल दिखाया, जबकि कप्तान मनप्रीत सिंह ने मिड फील्ड में अहम भूमिका निभाई है। 
भारत और पाकिस्तान ने पहले सात एशियाई खेलों के हॉकी फाइनल में एक-दूसरे का सामना किया था। एशियाई खेलों में उन्होंने एक दूसरे के खिलाफ कुल नौ फाइनल खेले हैं, जिसमें पाकिस्तान ने सात और भारत ने दो स्वर्ण पदक जीते। दोनों देशों ने 1956 से 1964 तक लगातार तीन ओलम्पिक फाइनल में जगह बनाई थी। इनमें से भारत ने दो, जबकि पाकिस्तान ने एक बार जीत दर्ज की थी। 
पिछली बार इन दोनों टीमों के बीच मुकाबला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के लीग चरण में हुआ था जहां भारत ने 3-1 से जीत हासिल की थी। भारतीय टीम ने अभी तक दो मैचों में कोरिया और बांग्लादेश के खिलाफ 11 गोल किए हैं। चार अंक लेकर भारत अंक तालिका में शीर्ष पर है। पाकिस्तान ने जापान से गोलरहित ड्रॉ खेला था और वह चौथे स्थान पर है।

रिलेटेड पोस्ट्स