उत्तर प्रदेश की सुहानी को ऑल इंडिया टेबल टेनिस में तीसरा स्थान

संदिका भट्टाचार्य को पहला तथा सान्वी रॉय को दूसरा स्थान मिला
खेलपथ संवाद
देहरादून।
देहरादून में सात से 14 दिसम्बर के बीच इंडिया नेशनल टेबल टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। देश के कई क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों को हैरानी में डाल दिया। इस टूर्नामेंट के अंडर-15 यूथ गर्ल्स सिंगल्स (युवा लड़की) कैटेगरी में उत्तर प्रदेश की सुहानी महाजन और अवनि त्रिपाठी ने राज्य का नाम रोशन किया है। दोनों संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। सुहानी गाजियाबाद की रहने वाली हैं।
सुहानी दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद वसुंधरा की छात्रा हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में कई शानदार खिलाड़ियों को शिकस्त दी और तीसरे स्थान पर जगह बनाई। इसके लिए डीपीएस गाजियाबाद वसुंधरा ने उन्हें बधाई भी दी है। अंडर-15 की कैटेगरी में पहले और दूसरे स्थान पर बंगाल की दो लड़कियां रहीं। पहला स्थान बंगाल की संदिका भट्टाचार्य और दूसरे स्थान पर सान्वी रॉय रहीं।
इंडिया नेशनल टेबल टेनिस टूर्नामेंट हर साल आयोजित होना वाला टूर्नामेंट है। इसकी शुरुआत अंडर-11 कैटेगरी से होती है। लड़कों और लड़कियों दोनों कैटेगरी के सिंगल्स मैच खेले जाते हैं। अंडर-11 के अलावा इस टूर्नामेंट में अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 कैटेगरी के मैच भी खेले जाते हैं।
इसके अलावा पुरुष और महिलाओं के भी सिंगल्स मैच खेले जाते हैं। हर लेवल पर जीतने वाले को इनाम के तौर पर अलग-अलग राशि दी जाती है। गर्ल्स अंडर-15 कैटेगरी में पहले स्थान पर रहने वाली खिलाड़ी को 23800 रुपये दिए गए। अवनि और सुहानी को 5900 रुपये की इनामी राशि दी गई।

रिलेटेड पोस्ट्स