64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग में मध्य प्रदेश के शूटरों का रहा जलवा

निशानेबाजों ने चैम्पियनशिप में 21 स्वर्ण, 12 रजत और 10 कांस्य पदक जीते
24 बार के बिलियर्ड्स-स्नूकर विश्व चैम्पियन पंकज आडवाणी ने किया पुरस्कृत
खेलपथ प्रतिनिधि
भोपाल।
मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के हर्षित बिंजवा, श्रेयस सिंह बघेल और अविनाश यादव की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही 64वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैम्पियनशिप-2021 का विधिवत समापन हो गया। एमपी के निशानेबाजों ने इस चैम्पियनशिप में 21 स्वर्ण, 12 रजत और 10 कांस्य सहित कुल 43 पदकों पर कब्जा जमाया। 
मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों का यह ओवरऑल अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। चैम्पियनशिप का आयोजन खेल और युवा कल्याण विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ के संयुक्त तत्वावधान में मप्र शूटिंग अकादमी बिसनखेड़ी में 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक किया गया। 10 मीटर रायफल पुरूष टीम सिविलियन इवेंट में मप्र के हर्षित, श्रेयस और अविनाश की जोड़ी ने 1873.8 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा का रजत पदक हरियाणा के गुरमुख, अर्शदीप, लोकेंदर की जोड़ी ने 1872.8 अंकों के साथ और कांस्य पदक, तमिलनाडु के कार्तिक, अमर, किशोर की टीम ने 1872.1 अंकों के साथ अपने नाम किया। 
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण 24 बार के विश्व चैम्पियन, पद्मश्री, पद्मभूषण अवार्डी पंकज आडवाणी के मुख्य आतिथ्य और एनआरएआई के सुल्तान सिंह के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संचालक खेल रवि कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
पंकज आडवाणी ने साधे निशाने
इस अवसर पर पंकज आडवाणी ने मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी का भ्रमण किया। उन्होंने रायफल और शॉटगन शूटिंग का भी आनंद लिया। भ्रमण के दौरान पंकज ने शूटिंग अकादकी की भव्यता और सुविधाओं को देखकर कहा कि यह विश्वस्तरीय है। मैंने इससे पहले इतनी सुविधायुक्त अकादमी नहीं देखी। इसके लिए खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। खेलमंत्री का खेलों के प्रति समर्पण और रूचि मध्यप्रदेश के खेलों को नई दिशा दे रहे हैं। मैं मंत्री जी और उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं।
मध्य प्रदेश का ओवरऑल प्रदर्शन
स्वर्ण पदकः 21
रजत पदकः 12
कांस्य पदकः 10
कुलः 43

रिलेटेड पोस्ट्स