25 दिसम्बर से होगी राष्ट्रीय महिला आइस हॉकी प्रतियोगिता

हिमाचल प्रदेश के शीत मरुस्थल काजा में पहली बार होगा आयोजन
खेलपथ संवाद
रामपुर बुशहर।
हिमाचल प्रदेश का शीत मरुस्थल कहलाये जाने वाले लाहौल-स्पीति जिले के काजा में पहली बार राष्ट्रीय महिला आइस हॉकी प्रतियोगिता व नेशनल कैंप का आयोजन किया जायेगा। 25 दिसम्बर से आइस हॉकी एसोसिएशन आफ इंडिया की तरफ से कैंप और इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन के बारे में एक पत्र काजा के एडीएम मोहन दत शर्मा को अभी हाल ही में प्राप्त हुआ है। 
इस कैंप में देशभर से लगभग 80 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 5 से 7 टीमों के हिस्सा लेने की संभावना है। हर टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। इसके साथ इस प्रतियोगिता में 10 आफीशियल भी रहेंगे। प्रतियोगिता में रोजाना दो से तीन मैच होंगे। कैंप में हैदराबाद, लेह, चंडीगढ़, दिल्ली मुबई और हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी शामिल होंगे। 
एडीएम मोहन दत शर्मा ने बताया कि स्पिति के लिए यह एक काफी बड़ा आयोजन है। पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता स्पीति में होने जा रही है। इसके साथ ही राष्ट्रीय कैंप भी यहां पर आयोजित होगा। कैंप और प्रतियोगिता के आयोजन में आइस हॉकी एसोसिएशन आफ लाहुल स्पीति की काफी बड़ी भूमिका है। इसी के साथ ही समुद्र तल से 3720 मीटर की ऊंचाई पर काजा में बने आइस रिंक में बर्फ जमाने का कार्य शुरू हो गया है।

रिलेटेड पोस्ट्स