अनुराग ठाकुर ने दिव्यांग खिलाड़ियों को सराहा

सुगम्य भारत अभियान के छह साल पूरे
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत सरकार के सुगम्य भारत अभियान के छह साल पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने 2020 पैरालंपिक में भारत के शानदार प्रदर्शन को याद किया है। टोक्यो में हुए पैरालम्पिक में भारत ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इस साल भारत ने सबसे ज्यादा पदक जीते थे। इसके बाद सभी खिलाड़ियों का सम्मान किया गया था और आने वाले समय में उन्हें और बेहतर सुविधाएं देने का वादा किया गया था। सुगम्य भारत अभियान के तहत देश में दिव्यांगजनों को ज्यादा बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं और उनका जीवन और सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 
सुगम्य भारत अभियान के छह साल पूरे होने पर अनुराग ठाकुर ने कू एप पर लिखा "भारत ने पैरालम्पिक में अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसे इतिहास में नए युग के मील के पत्थर के रूप में देखा जाएगा।" 2020 पैरालंपिक में भारत ने अपने ओलंपिक इतिहास का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 19 पदक जीते थे। इससे पहले भारत कभी भी पैरालंपिक में 19 या उससे ज्यादा पदक नहीं जीत पाया था। इस प्रतियोगिता में नौ खेल प्रतिस्पर्धाओं में भारत के 54 दिव्यांग खिलाड़ी शामिल हुए थे। इन खिलाड़ियों ने मिलकर 19 पदक जीते थे, जिसमें पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक शामिल थे। 
भारत सरकार ने साल 2015 में सुगम्य भारत अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत देश में दिव्यांग लोगों का जीवन सरल और सुलभ बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें कई तरह की सुविधाएं प्रदान की गई हैं। सरकारी सार्वजनिक इमारतों, यातायात साधन, पुलिस स्टेशन और अस्पताल जैसी जगहों को दिव्यांग लोगों के लिए सुलभ बनाया गया है। सरकार ने इसके लिए एक एप भी तैयार किया है। 

रिलेटेड पोस्ट्स