तलवारबाज भवानी देवी ने जीता फ्रांस में खिताब

चार्लेलविले राष्ट्रीय प्रतियोगिता में साबरे वर्ग में बनीं चैम्पियन 
नई दिल्ली।
ओलम्पिक के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली भारतीय महिला तलवारबाज भवानी देवी ने फ्रांस में चार्लेलविले राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में महिला व्यक्तिगत साबरे वर्ग में खिताब जीता। भवानी ने इसके बारे में ट्वीट करके जानकारी दी।
उन्होंने लिखा, ‘फ्रांस में चार्लेलविले राष्ट्रीय टूर्नामेंट में महिलाओं के साबरे व्यक्तिगत वर्ग में जीत दर्ज की। कोच क्रिस्टियन बाउर, अर्नाड श्नाइडेर और सभी साथियों को धन्यवाद। सत्र की अच्छी शुरुआत के लिए बधाई।’
टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने ट्यूनीशिया की नादिया बेन अजीजी के खिलाफ अपना राउंड 64 का मुकाबला जीता था। हालांकि राउंड 32 में उन्हें कड़े मुकाबले में फ्रांस की मेनन ब्रुनेट के खिलाफ हार मिली थी। अब उनकी निगाह अगले साल होने वाले एशियाई खेलों पर है जिसके लिए उन्होंने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भवानी की विश्व में 50वीं रैँकिंग है और देश की श्रेष्ठ रैंकिंग की तलवारबाज हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स