लवलीना ने दमदार पंच से रचा इतिहास

भारत का टोक्यो ओलम्पिक में दूसरा पदक हुआ पक्का
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में भारत का दूसरा पदक पक्का हो गया है। शुक्रवार को महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने 69 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चिक कर दिया है। क्वार्टर फाइनल में भारतीय मुक्केबाज ने दमदार पंच लगाते हुए चीनी ताईपे की खिलाड़ी निएन चिन चेन को 4-1 से मात दी। 
लवलीना ने मुकाबला अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की और भारत के पदक के इंतजार को खत्म किया। सेमीफाइनल में लवलीना का मुकाबला अब नम्बर वन सीड तुर्की की मुक्केबाज से होगा। पहली बार ओलम्पिक में उतरी महिला मुक्केबाज लवलीना ने क्वार्टर फाइनल में आक्रामक खेल दिखाते हुए भारत के दूसरे पदक के चल रहे लम्बे इंतजार के खत्म कर दिया। 
चीनी ताईपे खिलाड़ी निएन चिन चेन को लगातार पंचों से मात देते हुए उनको पस्त किया। पहले राउंड को 3-2 से लवलीना ने अपने नाम किया। दूसरे राउंड में उन्होंने दमदार पंच जमाते हुए इसे अपने नाम किया। पांचों जजों ने लवलीना को 10 में से 10 अंक दिए। तीसरे और आखिरी राउंड में भारतीय मुक्केबाज को पांच में से चार जजों ने 10 अंक दिए।
पहले राउंड में लवलीना को 48 जबकि चीनी ताइपे की खिलाड़ी को 47 अंक मिले। दूसरे राउंड की बात करें तो यहां भारतीय मुक्केबाज को 50 और विरोधी को 45 अंक मिले। तीसरे राउंड में लवलीना ने 49 अंक अर्जित किए तो वहीं उनकी विरोधी मुक्केबाज के खाते में 46 अंक ही आए। इस बड़े अंतर से जीत हासिल करने के साथ ही भारत को लवलीना ने कांस्य पदक दिलाना पक्का कर दिया।  

रिलेटेड पोस्ट्स