टोक्यो में उम्मीदों भरा रहा सातवां दिन

तीरंदाजी, बैडमिंटन, हॉकी और शूटिंग में भारतीय खिलाड़ी छाए
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय नजरिए से सातवां दिन शानदार रहा। भारत की तरफ से पीवी सिंधु ने जीत के साथ आगाज किया। उन्होंने बैडमिंटन की महिला सिंगल्स स्पर्धा के अंतिम 16 मुकाबले में डेनमार्क की मिया को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अतनु दास तीरंदाजी की व्यक्तिगत स्पर्धा में अंतिम आठ में पहुंच गए तो बॉक्सिंग की 91 किलोग्राम स्पर्धा में सतीश कुमार ने जगह बना ली। 
शूटिंग में 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालीफाइंग मुकाबले में मनु भाकर ने पांचवां स्थान हासिल किया।जबकि प्रिसिजन राउंड में राही सरनोबत 25वें नंबर रहीं। ओलम्पिक का छठा दिन भारत के लिए मिला जुला रहा था। दीपिका कुमारी, पूजा रानी और पीवी सिंधु के बेहतर प्रदर्शन के चलते भारत की पदक जीतने की उम्मीद जिंदा हैं। पुरुषों की लाइटवेट डबल्स स्कल स्पर्धा में भारत की तरफ से अर्जुन जाट और अरविंद सिंह ने चुनौती पेश की। लेकिन यह भारतीय जोड़ी पांचवें स्थान पर रही। यह ओलंपिक में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। महिला शूटिंग में 25 मीटर एयर पिस्टल का पहला क्वालीफाइंग गुरुवार को खेला गया। भारत की निशानेबाज मनु भाकर ने क्वालीफाइंग मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। उन्होंने 300 में से 200 अंक हासिल किए। 30 जुलाई (शुक्रवार) को इस स्पर्धा का दूसरा राउंड होगा। दोनों राउंड में टॉप 8 में रहने वाले निशानेबाजों को फाइनल में जगह दी जाएगी। वहीं भारत की एक अन्य निशानेबाज प्रिसिजन राउंड में 287 अंक लेकर 25वें स्थान पर रही। 
टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। आज टीम इंडिया ने मौजूदा ओलम्पिक चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। भारत की तरफ से वरुण कुमार, विवेक सागर प्रसाद और हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागे। जबकि अर्जेंटीना की तरफ से एकमात्र गोल कैसेला ने किया। भारतीय टीम की इस ओलम्पिक में यह तीसरी जीत है। 
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु अंतिम आठ में पहुंच गई हैं। उन्हें महिला सिंगल्स के अंतिम 16 मुकाबले में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को 2-0 से शिकस्त दी। सिंधु ने पहला गेम 21-15 और दूसरा गेम 21-13 से अपने नाम किया। अब सिंधु का अगला मुकाबला यामागुची से होगा। 
अंतिम आठ में पहुंचे तीरंदाज अतनु दास 
अतनु दास टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने के लिए एक कदम आगे बढ़ गए हैं। उन्होंने तीरंदाजी की पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में अंतिम आठ में जगह बना ली। अतनु ने अंतिम 16 के मुकाबले में कोरिया के जिन्येक ओह को शिकस्त दी। अतुन ने यह मुकाबला 6-5 से जीता। यह मैच शूटआउट तक पहुंचा जिसमें कोरिया के खिलाड़ी ने 9 और अतनु ने 10 का स्कोर हासिल किया।  
भारत के बॉक्सर सतीश कुमार 91 किलोग्राम की स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने 91 किलोग्राम भार वर्ग के अंतिम 16 में जमैका के रिकॉर्डो ब्राउन को हराया। सतीश ने यह मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया। सतीश जमैका के मुक्केबाज को पहले राउंड में 5-0 और दूसरे राउंड में 4-1 से शिकस्त दी। वह मेडल जीतने से एक कदम दूर हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स