खेल के क्षेत्र में प्रदेश में और अधिक सम्भावनाएं: दत्तात्रेय

ओलम्पिक में हरियाणा के सबसे अधिक 30 खिलाड़ी भाग ले रहे 
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़।
भारोत्तोलन में सिडनी ओलम्पिक-2000 की कांस्य पदक विजेता व दिल्ली खेल विश्वविद्यालय की कुलपति कर्णम मल्लेश्वरी ने मंगलवार को हरियाणा राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से शिष्टाचार मुलाकात की। राज्यपाल ने कर्णम मल्लेश्वरी से खेलों के बारे में विस्तृत बात की। 
दत्तात्रेय ने कहा कि पिछले कई वर्षों से प्रदेश में खेलों का विकास हुआ है और खेलों की तरफ युवाओं का रुझान बढ़ा है। खेल के क्षेत्र में प्रदेश में और अधिक संभावनाएं हैं। राज्य सरकार द्वारा अनेक खेल प्रोत्साहन योजनाएं शुरू की गई हैं, जिसकी बदौलत टोक्यो ओलम्पिक-2021 में प्रदेश के सबसे अधिक 30 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी ओलम्पिक खेलों में अपना शत-प्रतिशत दें। 
निश्चित रूप से अच्छे परिणाम सामने आएंगे और देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतेंगे। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक-2021 में महिला खिलाड़ियों ने अच्छी शुरुआत की। साइखोम मीराबाई चानू ने भारोत्तोलन में रजत पदक जीता है। यह देशवासियों के लिए गर्व की बात है। मल्लेश्वरी ने कहा, प्रदेश में पुरुष खिलाड़ियों के साथ खेलों में महिलाओं का अधिक रुझान हुआ है। इस बार टोक्यो ओलम्पिक में हरियाणा की 16 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स