मैरीकॉम-मनप्रीत ने थामा तिरंगा

भारतीय दल का मार्च पास्ट 21वें नंबर पर हुआ
टोक्यो।
टोक्यो ओलम्पिक का उद्घाटन समारोह शुरू हो चुका। इस बड़े विश्वस्तरीय टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को शुक्रवार को एक सीमित और कई तरह की पाबंदियों के बीच आयोजित किया गया। भारत की तरफ से मैरीकॉम और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ध्वजवाहक रहे। भारतीय दल 21वें नम्बर पर रहा।
टोक्यो ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह की शुरुआत 1896 में हुए पहले समर ओलम्पिक गेम्स के आयोजक ग्रीस के दल के मार्च पास्ट के साथ शुरू हुआ। इसके बाद रिफ्यूजी टीम का मार्च पास्ट हुआ। भारतीय दल ने 21वें नंबर पर अपना मार्च पास्ट मिकाला। छह बार की विश्व चैम्पियन सुपरमॉम मैरी कॉम और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह भारतीय दल के ध्वजवाहक थे। इसके अलावा उद्घाटन समारोह में 20 की बजाय 19 खिलाड़ी व छह अधिकारी शामिल हुए। 
इस बार के उद्घाटन समारोह को एक सीमित और कई तरह की पाबंदियों के बीच आयोजित किया गया। कोरोना महामारी के कारण इस समारोह में करीब 65 हजार क्षमता वाले स्टेडियम में केवल 1000 के करीब खिलाड़ी व अधिकारी मौजूद थे। इस बार ओलंपिक में दुनियाभर के 11 हजार से अधिक खिलाड़ी दावेदारी पेश कर रहे हैं। 
बता दें कि उद्घाटन समारोह में जापान के सम्राट नारुहितो के साथ आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाक भी शामिल  हुए। नोबेल शांति पुरस्कार जीत चुके बांग्लादेश के मोहम्मद यूनुस को विशेष ओलंपिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, उद्घाटन समारोह में अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन ओलंपिक स्टेडियम पहुंचीं थीं। उद्घाटन समारोह पहले जैसा भव्य और रंगारंग नहीं हुआ जैसे इससे पहले के ओलंपिक में हुआ करता था। 
टोक्यो ओलंपिक में भारत की तरफ से 127 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जोकि अभी तक का भारत का सबसे बड़ा दल है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण पिछले साल टोक्यो ओलम्पिक को टाल दिया गया था। उदघाटन समारोह के दौरान उन लोगों और पूर्व ओलंपियनों को भी याद किया गया, जिन्होंने कोरोना महामारी के कारण अपनी जान गंवाई। इस दौरान म्यूनिख 1972 ओलंपिक में आतंकवादी हमले में मारे गए इस्राइली खिलाड़ियों, 2011 के भूकंप और सुनामी में मारे गए लोगों का भी उल्लेख किया गया। इन सभी की याद में एक मिनट का मौन रखा गया। जापान की प्रसिद्ध गायिका मिसिया ने राष्ट्रगान गाया। दुनिया में अब तक 19.27 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 41.41 लाख लोगों की मौत हो गई है, जबकि 17.53 करोड़ से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.33 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। 

रिलेटेड पोस्ट्स