मुसीबतों से लड़कर चेतन सकारिया ने बनाई क्रिकेट में पहचान

ट्रेनिंग को नहीं थे जूते, घर चलाने के लिए की नौकरी 
नई दिल्ली।
इंडियन प्रीमियर लीग 2021 के चौथे मैच में राजस्थान रॉयल्स को पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। टीम की हार के बावजूद युवा गेंदबाज चेतन सकारिया ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे चेतन ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 31 रन देकर 3 अहम विकेट हासिल किए।
चेतन का यहां तक का सफर आसान नहीं रहा। आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे परिवार को चलाने की जिम्मेदारी भी चेतन की थी। कुछ दिन पहले तक चेतन के पास ट्रेनिंग के लिए पहनने को जूते तक नहीं थे। आईपीएल ऑक्शन के तीन हफ्ते पहले उन्होंने अपने भाई को खोया। घर चलाने के लिए क्रिकेट के अलावा नौकरी भी की। इन चुनौतियों को पार करते हुए वे आईपीएल तक पहुंचे हैं।
चेतन की मां ने एक क्रिकेट वेबसाइट को बताया कि चेतन के भाई ने इसी साल जनवरी में आत्महत्या कर ली थी। चेतन उस वक्त घर पर भी नहीं थे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे थे। टूर्नामेंट के दौरान उनका परिवार बहाना बनाकर उनके भाई की मौत की बात टालता रहा। उन्होंने बताया कि चेतन अपने भाई से बहुत प्यार करता था। जब भी अपने भाई के बारे में पूछता, मैं बात को टाल देती। मैंने चेतन को उसके पिता से बात नहीं करने दी, क्योंकि वो चेतन से झूठ नहीं बोल पाते। एक दिन फोन पर उससे बात करते-करते मैं रो पड़ी। अपने भाई के बारे जानकर चेतन ने पूरे हफ्ते किसी से बात नहीं की। उसने खाना तक छोड़ दिया।
चेतन के परिवार की स्थिति बहुत ही खराब थी। चेतन ने बताया कि उस पर बहन की पढ़ाई की फीस और उसकी शादी कराने की जिम्मेदारी है। इतना ही नहीं चेतन का पूरा घर एक रूम और एक हॉल में रहता है इसलिए अभी उनको अपने लिए एक घर भी लेना है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता एक समय पर परिवार का पेट पालने के लिए टेम्पो चलाया करते थे। दो साल पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। उन्होंने बताया कि पांच साल तक उनके घर में देखने के लिए टीवी तक नहीं थी और उन्हें कोई भी मैच अपने दोस्त के घर देखना पड़ता था। उन्होंने बताया कि इस ट्रैजेडी के करीब एक महीने बाद आईपीएल ऑक्शन में चेतन को राजस्थान रॉयल्स ने भारी भरकम रकम देकर खरीदा। चेतन को 1.20 करोड़ की रकम मिली। यह एक सपने की तरह है। हमने बहुत कुछ सहा है। चेतन की मेहनत और लगन से ही हम अब उबर रहे हैं।
चेतन 20 लाख के बेस प्राइस के साथ आईपीएल ऑक्शन में आए थे, लेकिन उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स दोनों में होड़ देखी गई। आखिर में रॉयल्स ने उन्हें 1.2 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया। 2020 में वह बेंगलुरु के साथ संयुक्त अरब अमीरात में बतौर नेट बॉलर शामिल थे।

रिलेटेड पोस्ट्स