एशियन गेम्स स्वर्ण विजेता अजय ठाकुर पर लगा प्रतिबंध

नाडा से ऐसी सजा भुगतने वाले पहले एथलीट
साल में चार बार टेस्टिंग के लिए बताना होता है पता
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
विश्व चैम्पियनशिप और 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों का स्वर्ण जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम के सदस्य नामी खिलाड़ी अजय ठाकुर को नाडा ने अस्थाई रूप से प्रतिबंधित कर दिया है। पूर्व कप्तान और अर्जुन अवार्डी को व्हेयर अबाउट (टेस्टिंग के लिए अपना पता) नहीं देने पर एंटी डोपिंग गतिविधियों का आरोपी माना गया। व्हेयर अबाउट के लिए नाडा की ओर से तीन नोटिस का जवाब नहीं देने पर उनका मिस टेस्ट घोषित किया गया है। यह पहली बार है जब नाडा ने बड़े खिलाड़ी को मिस टेस्ट के लिए अस्थाई रूप से प्रतिबंधित किया है। उन पर 19 मार्च से प्रतिबंध लगा है। एंटी डोपिंग सुनवाई पैनल के समक्ष अगर अजय अपनी बेगुनाही साबित नहीं कर पाए तो उन पर दो साल का प्रतिबंध लग सकता है। ऐसे में अगले वर्ष होने वाले एशियाई खेलों में वह नहीं खेल पाएंगे। 
नाडा ने अजय को अपने रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल (आरटीपी) में शामिल कर रखा है। आरटीपी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को साल में चार बार (तीन माह का एक क्वार्टर पर) अपना व्हेयर अबाउट देना पड़ता है। एक क्वार्टर में पता नहीं देने पर एक नोटिस जाता है। साल में ऐसे तीन नोटिस का जवाब नहीं देने पर वाडा के नियम 2.4 के तहत खिलाड़ी का मिस टेस्ट घोषित कर दिया जाता है, जिसके तहत दो साल के प्रतिबंध का प्रावधान है। नाडा ने व्हेयर अबाउट नहीं भेजने पर कड़ा रुख अपना रखा है।
बीते वर्ष उसने पांच क्रिकेटरों समेत 42 खिलाड़ियों को अपना व्हेयर अबाउट नहीं देने पर पहला नोटिस भेजा था। जिस पर काफी हंगामा हुआ था। इस साल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्हेयर अबाउट नहीं देने पर लम्बीकूद में ओलम्पिक का रजत जीतने वाले दक्षिण अफ्रीकी लूवो मोनयांगो और जकार्ता एशियाई खेलों में 400 मीटर की स्वर्ण पदक विजेता बहरीन की सलवा ईद नासेर पर अस्थाई प्रतिबंध लग चुका है।
नाडा के महानिदेशक नवीन अग्रवाल का कहना है कि उनकी ओर से सुनिश्चित किया जा रहा है कि आरटीपी में शामिल खिलाड़ी अपना व्हेयर अबाउट निश्चित समय पर उपलब्ध कराएं, जिससे उनकी आउट ऑफ कम्पटीशन टेस्टिंग बिना नोटिस के कभी भी कराई जा सके। व्हेयर अबाउट नहीं देने पर नोटिस भेजा जाता है जिसमें वह इसका कारण स्पष्ट कर सकें।
एशियाई यूथ चैम्पियन रेस वॉकर समेत चार डोप में फंसे
नाडा ने चार अन्य खिलाड़ियों को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन के लिए अस्थाई रूप से प्रतिबंधित किया है। इनमें एशियाई यूथ चैम्पियन रेस वॉकर विश्वेंदर सिंह भी शामिल हैं। रांची में हुई राष्ट्रीय पदचालन चैम्पियनशिप में अंडर-20 की 10 किलोमीटर पदचाल में स्वर्ण जीतने वाले विश्वेंदर यहां डोप पॉजिटिव पाए गए। ओलम्पिक क्वालीफायर एशियाई चैम्पियनशिप में खेलने से रोकी गई वेटलिफ्टर राखी हलदर, राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में ग्रीको रोमन के 60 किलो भार में स्वर्ण जीतने वाले मनीष कुंडू और पद चालक अनिल विश्वकर्मा अस्थाई रूप से प्रतिबंधित होने वाले अन्य खिलाड़ी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स