सानिया मिर्जा चार साल बाद 'टॉप्स' से जुड़ीं

हासिल कर चुकी हैं टोक्यो ओलम्पिक का टिकट
नई दिल्ली।
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को चार साल बाद सरकार की ‘टारगेट ओलम्पिक पोडियम’ योजना (टॉप्स) में शामिल किया गया। कई ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली 34 वर्षीय सानिया ने चोट के कारण चार साल पहले 2017 में टॉप्स योजना से हटने का फैसला किया था। उन्हें यहां मिशन ओलम्पिक इकाई की 56वीं बैठक के दौरान टॉप्स में शामिल किया गया।
सानिया ने बच्चे के जन्म के कारण खेल से ब्रेक लिया था। उन्होंने अपनी सुरक्षित (प्रोटेक्टिड) रैंकिंग के आधार पर पहले ही टोक्यो के लिए क्वालीफाई कर लिया है। विश्व रैंकिंग में वह अभी 157वें स्थान पर हैं। डब्ल्यूटीए के नियमों के अनुसार जब एक खिलाड़ी चोट या बच्चे के जन्म के लिए छह महीने से ज्यादा समय की छुट्टी लेता है तो वे एक ‘विशेष रैंकिंग’ (जिसे ‘प्रोटेक्टिड’ रैंकिंग के तौर पर भी जाना जाता है) के लिए अनुरोध कर सकते हैं। 
एक खिलाड़ी की विशेष रैंकिंग उनके अंतिम टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद की विश्व रैंकिंग होती है। सानिया के मामले में यह अक्टूबर 2017 में खेला गया चाइना ओपन था। वह तब उस समय विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर थीं। इसलिए इस समय सानिया की विशेष रैंकिंग नौ है और इससे वह पहले ही टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
कोविड-19 महामारी के कारण डब्ल्यूटीए ने सभी खिलाड़ियों के लिए विशेष रैंकिंग शुरू की थी। सानिया ने पिछले साल सत्र के शुरुआती होबार्ट इंटरनेशनल डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट से कोर्ट में वापसी की थी। उन्होंने यूक्रेन की नादिया किचेनोक के साथ जोड़ी बनाकर महिला युगल खिताब जीता था।

रिलेटेड पोस्ट्स