मनिका का हौसला बन गया था शरत की ढाल

सानिल और मानव कराएंगे शरत-मनिका को अभ्यास
नई दिल्ली।
मनिका बत्रा के साथ मिश्रित युगल में टोक्यो ओलम्पिक का टिकट हासिल करना अचिंत्य शरत कमल के लिए अभी भी अविश्वसनीय पल हैं। ओलम्पिक क्वालीफायर के लिए पिछले माह दोहा रवाना होने से पहले शरत और मनिका कोरोना के चलते अभ्यास नहीं  कर पाए थे। बावजूद इसके इन दोनों की जोड़ी विश्व नंबर पांच कोरियाई जोड़ी सैंग सू ली और जीही जियोन को 4-2 से हराकर न सिर्फ खिताब जीता बल्कि ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया। 
अंतिम गेम में एक समय ऐसा भी आया जब 38 साल के अनुभवी शरत दबाव में आ गए। उस दौरान मनिका ने उनसे कहा कि भैया, मैं आपके साथ हूं, बस आप अपना खेल खेलो। मनिका के इन शब्दों ने शरत को सहारा दिया और वह बिखरने से बच गए। विश्व टेबल टेनिस दिवस पर शरत ने कहा कि उनका मनिका के साथ मिश्रित युगल में ओलम्पिक क्वालीफाई करना बड़ा क्षण है। 
लॉकडाउन के दौरान उन्हें मनिका के साथ अभ्यास का मौका नहीं मिला। दोहा में ही वह साथ में अभ्यास कर पाए, लेकिन वह पहले भी मनिका के साथ खेल चुके हैं तो तारतम्य बिठाने में परेशानी नहीं हुई। फाइनल में कोरियाई जोड़ी के सामने वह दोनों 0-2 से पिछड़ रहे थे। ऐसे में वापसी काफी मुश्किल लग रही थी। लेकिन उन दोनों ने अपने खेल के स्तर को न सिर्फ थोड़ा ऊंचा किया बल्कि उस स्तर को लगातार बनाए रखा। इसी में कोरियाई जोड़ी बिखर गई। 
शरत के मुताबिक वह पूरे मैच में दबाव में नहीं थे, लेकिन छठे गेम में जब वह 7-3 की बढ़त पर थे। तब उन्हें अहसास हुआ कि वह मैच जीत सकते हैं। यहीं वह दबाव में बिखर गए और लगातार अंक निकलने लगे। ऐसे में मनिका ने उनका हौसला बढ़ाया जो काम कर गया। अंत में उनकी जोड़ी 11-8 से यह गेम जीतकर टोक्यो का टिकट हासिल कर सकी।
शरत खुलासा करते हैं कि उन्होंने मनिका के साथ अप्रैल और मई माह में एक-एक सप्ताह साथ में ट्रेनिंग का कार्यक्रम बनाया है। वह पुणे मनिका के साथ ट्रेनिंग के लिए जाना चाहते हैं। लेकिन इस वक्त वहां लॉकडाउन है। देखते हैं क्या होता है। अगर चेन्नई में स्थितियां ठीक रहीं तो वह मनिका से बात करेंगे। शरत के मुताबिक उन्हें और मनिका को मिक्स डबल्स की प्रैक्टिस सानिल शेट्टी और मानव ठक्कर कराएंगे। सानिल खब्बू हैं जिसके चलते उन्हें प्रैक्टिस में काफी फायदा मिलेगा। 

रिलेटेड पोस्ट्स