शूटर नीरू ढांडा का अगला लक्ष्य ओलम्पिक में मेडल जीतना
दो गोल्ड मेडल जीतकर जींद पहुंची संगतपुरा की बेटी का स्वागत
जयंती देवी मंदिर में माथा टेका, ग्रामीणों ने नोटों और फूलों की मालाएं पहनाईं
खेलपथ संवाद
जींद। एशियाई खेलों में शूटिंग में दो गोल्ड मेडल जीतकर लौटी जींद के संगतपुरा गांव की बेटी नीरू ढांडा ने जींद के जयंती देवी मंदिर में माथा टेककर मां से भविष्य में सफलता और खासकर ओलम्पिक में मेडल जीतने का आशीर्वाद मांगा। नीरू ने कहा कि उन्होंने संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। खिलाड़ी को संघर्ष से कभी घबराना नहीं चाहिए, बल्कि मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना चाहिए।
नीरू ढांडा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गांव के लोगों, कोच और सरकार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में सभी का पूरा साथ मिला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी स्कूल स्तर से बढ़ावा देना चाहिए, ताकि बचपन से ही प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि खेल भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में अहम योगदान दे सकते हैं।
जींद के जयंती देवी मंदिर में माथा टेकने के बाद नीरू ढांडा अपने गांव संगतपुरा पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इससे पहले जींद से संगतपुरा गांव तक के पूरे रास्ते में जगह-जगह नीरू का लोगों ने काफिला रुकवाकर स्वागत किया। गांव की बेटी की उपलब्धि पर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। नीरू को नोटों और फूलों की मालाओं से लादकर सम्मानित किया गया।
गांव के सरपंच प्रेम ढांडा ने भी स्वागत कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाई। सरपंच प्रेम ढांडा स्वयं अच्छे खिलाड़ी रहे हैं, इसलिए वह खेल प्रतिभाओं के महत्व को समझते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर लौटी नीरू ढांडा की उपलब्धि से संगतपुरा गांव में खुशी का माहौल है। गांव की बेटी की नजर अब ओलम्पिक में देश के लिए पदक जीतने पर है।
