होनहार एथलीट शैली सिंह ने लम्बी कूद में जीता स्वर्ण
न्यू ताइपे सिटी एथलेटिक्स ओपनः भारत के खाते में चार पदक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय एथलीट शैली सिंह ने न्यू ताइपे सिटी एथलेटिक्स ओपन 2026 में महिला लम्बी कूद का स्वर्ण पदक जीता। भारतीय एथलीटों ने सप्ताहांत में इस प्रतियोगिता का समापन कुल चार पदकों के साथ किया। चीनी ताइपे के बनकियाओ स्टेडियम में शैली सिंह ने 6.24 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने वियतनाम की ट्रान थी लोन (6.23 मीटर) और ऑस्ट्रेलिया की जोई चेस्टर (6.13 मीटर) को पीछे छोड़ा।
शैली का इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6.58 मीटर रहा है, जो उन्होंने पिछले महीने फेडरेशन कप में दर्ज किया था। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 6.76 मीटर है, जो उन्होंने 2023 में हासिल किया था। यह अंडर-20 भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। महिला लम्बी कूद में भारत का सीनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड 6.83 मीटर का है, जो अंजू बॉबी जॉर्ज के नाम दर्ज है।
भारत की महिला 4x100 मीटर रिले टीम एसएस स्नेहा, श्राबणी नंदा, सुदेश्ना शिवंकर और तमन्ना ने भी शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय चौकड़ी ने 44.07 सेकेंड का समय निकालते हुए मीट रिकॉर्ड की बराबरी की और स्वर्ण पदक जीता। थाईलैंड की टीम 44.68 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रही।
शनिवार को पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस शिरसे ने भी रजत पदक हासिल किया था। पुरुष 110 मीटर हर्डल रेस के फाइनल में तेजस शिरसे ने 13.58 सेकेंड का समय निकाला, लेकिन वह स्वर्ण पदक से महज 0.01 सेकेंड से चूक गए। चीनी ताइपे के ह्सीह युआन-काई ने 13.57 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि मलेशिया के मोहम्मद अरमिन जहरिल अब्दुल लतीफ 13.87 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
तेजस का इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ समय 13.43 सेकेंड है, जो उन्होंने पिछले महीने चेन्नई में आयोजित इंडियन ओपन एथलेटिक्स सीरीज में दर्ज किया था। इस स्पर्धा का भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड 13.41 सेकेंड है, जिसे स्वयं तेजस शिरसे ने 2024 में बनाया था।
रविवार को भारतीय धावक अनिमेष कुजूर ने पुरुष 200 मीटर दौड़ में 20.47 सेकेंड का समय निकालकर रजत पदक जीतते हुए भारत के अभियान का समापन किया। थाईलैंड के एशियाई खेल रजत पदक विजेता पुरिपोल बूनसोन ने 20.03 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि गे वुयानमिंग 20.65 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अनिमेष कुजूर के नाम पुरुष 200 मीटर दौड़ का भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड 20.32 सेकेंड है, जो उन्होंने 2025 एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में बनाया था। गौरतलब है कि न्यू ताइपे सिटी एथलेटिक्स ओपन को 2026 सत्र के लिए वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर-लेवल प्रतियोगिता का दर्जा दिया गया है। इससे पहले यह प्रतियोगिता ब्रॉन्ज-लेवल मीट के रूप में आयोजित होती थी।
