लेफ्टिनेंट कर्नल स्वरूप सिंह ने 'अल्ट्रामैन इंडिया' का खिताब जीता

ट्राइथलॉन का सबसे कठिन इवेंट माना जाता है इसे

स्वरूप सिंह कुन्तल मूलतः पाली डूंगरा मथुरा के रहने वाले हैं
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल स्वरूप सिंह कुन्तल ने अल्ट्रामैन इंडिया को 31 घंटे 28 मिनट में पूरा करके प्रथम स्थान प्राप्त किया। अल्ट्रामैन ट्राइथलॉन दुनिया का सबसे कठिनतम एण्ड्रोरेंस इवेंट है, जिसमें 10 किलोमीटर तैराकी, 424 किलोमीटर रोड साइकिलिंग एवं 54 किलोमीटर रनिंग शामिल है। अल्ट्रामैन में पहले दिन 10 कि.मी. तैराकी एवं 148 कि.मी. साइकिलिंग, दूसरे दिन 276 कि.मी. साइकिलिंग और तीसरे दिन डबल मैराथन 84 कि.मी. रनिंग करनी होती है। हर दिन 12 घंटे का समय दिया जाता है जिसके अन्दर पूरा इवेंट करना होता है। अन्यथा एथलीट डिसक्वालीफाई हो जाता है।
अल्ट्रामैन इंडिया 1-3 अक्तूबर को पोंग डैम हिमाचल प्रदेश में आयोजित हुआ। इस प्रतिस्पर्धा को महज समय के अंदर पूरा करना ही बड़े गर्व की बात होती है। लगातार तीन दिन तक एथलीट को इतना कठिन इवेंट करने के लिए अत्यधिक मेहनत एवं ट्रेनिंग करनी होती है। यह खिलाड़ी की शारीरिक क्षमता, मानसिक द्रढ़ता एवं अदम्य साहस का परिचायक है। यह इवेंट दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण तथा कुल चढ़ाई लगभग 5500 मीटर होने के कारण और भी अधिक मुश्किल था।
ले. कर्नल स्वरूप सिंह कुन्तल ने 10 कि.मी. तैराकी 4 घंटे 13 मिनट, 424 कि.मी. साइकिलिंग 16 घंटे 47 मिनट और 84 कि.मी. रनिंग 10 घंटे 16 मिनट में पूरी की।कर्नल कुन्तल ने कुल 31 घंटे 25 मिनट में अल्ट्रामैन को पूरा करके प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब जीता और एक बार फिर से प्रदेश का ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन किया।
गत वर्ष 2021 अक्टूबर में आजादी का अमृत महोत्सव ग्वालियर से दिल्ली 350 कि.मी. दौड़ पूरी की थी। मार्च 2021 में लगातार 24 घंटे 191 कि.मी. दौड़कर अदम्य साहस कठिन परिश्रम एवं उत्कृष्ठ शारीरिक क्षमता का परिचय दिया था। इससे पूर्व 26 अक्तूबर को लेफ्टिनेंट कर्नल स्वरूप सिंह कुन्तल ने 12 घंटे 14 मिनट में आयरनमैन, मलेशिया को पूरा करके भारतीयों में प्रथम स्थान प्राप्त कर कीर्तिमान बनाया था। लेफ्टिनेंट कर्नल कुन्तल ने बंगलौर में 12 घंटे में कुल 108.4 कि.मी. की दूरी तय की थी। इससे पूर्व 9 मार्च 2019 को कुन्तल ने चंडीगढ़ में 12 घंटे स्टेडियम रन 118.7 कि.मी. की दूरी तय करके जीती थी।
इससे पूर्व में स्वरूप सिंह कुन्तल ने जयपुर इंटर नेशनल ट्राइथलॉन में 12 घंटे 23 मिनट में 3800 मी. स्वीमिंग, 182 कि.मी. साइकिलिंग एवं 42 कि.मी. दौड़ लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त कर आयरनमैन का खिताब जीता था। कुन्तल ने नवंबर माह में कुरुक्षेत्र में आयोजित 23वीं रोड साइक्लिंग चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। लेफ्टिनेंट कर्नल कुन्तल एक आयरनमैन, अल्ट्रा मैराथनर मैराथनर नेशनल लेवल साइक्लिस्ट होने के साथ पैरा कमांडो भी हैं।
यह पूर्व में 10 पैरा (एस.एफ.) एवं 2(1) पैरा वर्कशाप में तैनात रह चुके हैं। इन्होंने आई.आई.टी दिल्ली से प्रॉडक्शन इन्जीनियरिंग में एम. टैक भी किया है। स्वरूप सिंह कुन्तल मूलतः पाली डूंगरा मथुरा के रहने वाले हैं। यह महाराजा ग्रुप, मथुरा के चेयरमैन प्रीतम सिंह प्रमुख के अनुज हैं। स्वरूप सिंह कुन्तल अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता श्री महाराज सिंह एवं श्रीमती हरनन्दी तथा अग्रज प्रीतम सिंह को देते हैं। ज्ञात रहे लेफ्टिनेंट कर्नल स्वरूप सिंह कुन्तल के अनुज मेजर सचिन सिंह कुन्तल भी एक राष्ट्रीय स्तर के धावक एवं साइक्लिस्ट हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स