News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
अभिनव बिंद्रा ने खिलाड़ियों को सराहा नई दिल्ली। ‘मुझे आप पर गर्व है और आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं कि आप भारत में और अधिक ओलम्पिक गौरव लाने की अपनी यात्रा शुरू कर रहे हैं। अगर आपको किसी सहायता की आवश्यकता है या आप केवल खेलों में मेरे अनुभवों पर चर्चा करना चाहते हैं, तो मैं यहां हमेशा उपलब्ध हूं।’ इन शब्दों के साथ बिन्द्रा ने ओलम्पिक क्वालीफाई करने वालों की उपलब्धि को असाधारण करार दिया। ओलम्पिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले देश के इकलौते खिलाड़ी अभिनव बिंद्रा ने टोक्यो जाने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करते हुए उन्होंने ग्रीष्मकालीन खेलों के लिए क्वालीफाई कर ‘असाधारण’ उपलब्धि हासिल की है। बिंद्रा ने 23 जुलाई से शुरू होने वाले इस खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए एक शुभकामना संदेश जारी किया है। उन्होंने लिखा, ‘आप में से प्रत्येक को अपने रास्ते में आने वाली हर चुनौती से पार पाने और टोक्यो ओलम्पिक 2021 के लिए क्वालिफिकेशन हासिल करने के लिए बहुत-बहुत बधाई।’ उन्होंने कहा, ‘हर एथलीट के लिए, खेलों की यात्रा में वर्षों का कठोर प्रशिक्षण होता है और यह कठिनाइयों और असफलताओं से भरा होता है। जहां आप अभी हैं, वहां पहुंचने के लिए अत्यधिक समर्पण और लचीलेपन की आवश्यकता होती है। हमारे देश की कुछ विशेष महिलाएं और पुरुष ही वहां तक (ओलम्पिक) पहुंच पाए हैं।’ अब तक 100 खिलाड़ियों ने टोक्यो खेलों के लिए क्वालीफाई किया है जिसमें 56 पुरुष और 44 महिलाएं शामिल हैं। बीजिंग ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले इस निशानेबाज ने कहा, ‘महामारी की इस स्थिति को देखते हुए आपकी यह दुर्लभ उपलब्धि और भी असाधारण है। साथ ही कहा कि आपको इन ओलम्पिक खेलों की तैयारियों के लिए अपनी संबंधित प्रशिक्षण योजनाओं को बदलने के लिए मजबूर किया होगा।’ इस 38 साल के पूर्व खिलाड़ी ने कहा, ‘मैं आपको अपनी शुभकामनाएं और समर्थन देना चाहता हूं। एक ओलम्पियन के रूप में, आपके पास हमेशा के लिए ओलम्पिक खेलों की भावना का एक राजदूत बनने का अवसर होगा।’