News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
गोलकीपर की ओलम्पिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने पर नजर
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया का लक्ष्य इस साल होने वाले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर है। सविता की नजरें एशियाड में स्वर्ण जीतकर 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलम्पिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने पर हैं। सविता ने कहा कि वह फिलहाल लॉस एंजिलिस ओलम्पिक से आगे नहीं सोच रही हैं।
राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक विजेता और तीन बार एशियाई खेलों में पदक जीत चुकी सविता ने कहा, मुझे लगने लगा है कि अब परिवार के साथ और समय बिताना है। सभी को कभी न कभी रिटायर होना है लेकिन मैं अच्छे समय पर यह फैसला लेना चाहती हूं। एशियाई खेल हो या 2028 लॉस एंजिलिस ओलम्पिक। अभी ओलम्पिक में समय है तो मैं कुछ कह नहीं सकती। मेरा फोकस एशियाई खेलों पर है और उससे आगे के बारे में नहीं सोच रही। मैं एशियाई खेलों के बाद संन्यास का फैसला लूंगी। अगर हम वहीं से ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करते हैं तो बहुत अच्छा होगा ताकि क्वालिफायर का दबाव नहीं झेलना पड़े।
सविता ने कहा, मेरा अगला लक्ष्य एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना है। मैं हमेशा लक्ष्य लेकर चलती हूं और एक समय में एक ही लक्ष्य जेहन में होता है। हमारी टीम काफी सक्षम है और मैं सीनियर खिलाड़ी होने के नाते हमेशा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए हूं। विश्व कप क्वालिफायर भी काफी अहम है और उसके बाद नेशंस कप भी है। यह पूरा साल काफी अहम होने वाला है।