News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
वेटरन्स इंडिया स्पोर्ट्स विंग को शिखर पर पहुंचाने का संकल्प
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। खेल की दुनिया कर्मयोद्धाओं से भरी पड़ी है। कई ऐसी शख्सियतें हैं जिन्हें किसी शोर-शराबे के बिना सिर्फ खेलों के उत्थान का जुनून सवार होता है। ऐसी ही नायाब शख्सियत हैं राजेश चौहान। विजय दिवस पर नई दिल्ली में भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान राजेश चौहान को प्राइड आफ नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। श्री चौहान को वेटरन्स इंडिया के फाउंडर डॉ. बीके मिश्रा ने वेटरन्स इंडिया स्पोर्ट्स विंग में राष्ट्रीय समन्वयक की महत्वपूर्ण जवाबदेही सौंपी है। वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग के महासचिव डॉ. अशोक कुमार लेंका ने हॉकी योद्धा राजेश चौहान का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि संगठन को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
प्राइड आफ नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित होने के बाद राजेश चौहान ने कहा कि भारत में जमीनी स्तर पर खेल विकास के लिए गुरुकुल प्रणाली सबसे महत्वपूर्ण है। हमारा प्रयास भारत की हर पंचायत में गुरुकुल खोलना होना चाहिए। यदि देश की हर पंचायत में गुरुकुल प्रणाली को अपना लिया जाए तो इससे अपने आप खेलों का माहौल बदल जाएगा।
राजेश चौहान की जहां तक बात है वह जूनियर और सीनियर हॉकी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। श्री चौहान ने खिलाड़ी ही नहीं राष्ट्रीय प्रशिक्षक के रूप में भी देश की हॉकी को बहुत कुछ दिया है। हॉकी दिग्गज डॉ. प्रेमशंकर शुक्ला राजेश चौहान को हॉकी की विलक्षण शख्सियत मानते हुए कहते हैं, वह कुछ भी कर सकते हैं। राजेश चौहान की रग-रग में हॉकी समाई हुई है। वह हॉकी की बेहतरी पर 24 घंटे बात और काम कर सकते हैं। राजेश चौहान ने हॉकी की भलाई के लिए कई हॉकी सेण्टर खोले, इसने जितना किया है शायद किसी ने किया हो।
विजय दिवस समारोह में भारत की प्रतिष्ठित खेल हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित खेल हस्तियों में डॉ. नरेश मुद्गल, धीरेंद्र सिंह सचान (आईएएस) शामिल हैं। इस अवसर पर खेलपथ के प्रधान सम्पादक श्रीप्रकाश शुक्ला को प्राइड ऑफ नेशन लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसी तरह के.वी. शर्मा, आर.डी. झा और प्रेमशंकर शुक्ला को भारतीय खेलों और राष्ट्र निर्माण में उनके आजीवन योगदान के लिए राष्ट्रीय गौरव अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।