News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
मुख्यमंत्री योगी बोले- यह राज्य के स्वर्णिम इतिहास की याद दिलाता है
लखनऊ में जूनियर भारतीय हॉकी टीम बनी थी चैम्पियन
खेलपथ संवाद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप की ट्रॉफी स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा, 'इस टूर्नामेंट में 24 अंतरराष्ट्रीय टीमें भाग ले रही हैं। इस ट्रॉफी का उत्तर प्रदेश में आगमन राज्य के स्वर्णिम इतिहास की याद दिलाता है, क्योंकि इसने हॉकी के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया है।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जन्म इसी प्रदेश में हुआ था और उनके नेतृत्व में भारतीय हॉकी टीम ने लगातार तीन ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीते थे। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार मेजर ध्यानचंद की स्मृति में मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कर रही है।
भारत की मेजबानी में चेन्नई और मदुरई में 28 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक चलने वाली जूनियर हॉकी विश्व कप की ट्रॉफी 12 नवम्बर को लखनऊ पहुंची। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास पर ट्रॉफी का अनावरण किया। इसका वीडियो भी सामने आया है। ट्रॉफी देशभर के विभिन्न शहरों से होते हुए लखनऊ पहुंची। यहां से ट्रॉफी का अगला पड़ाव उदयपुर होगा।
इस मौके पर खेलमंत्री गिरीश चंद्र यादव, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, डायरेक्टर जनरल हॉकी इंडिया आरके श्रीवास्तव, खेल सचिव सुहास एलवाई, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह और उत्तर प्रदेश हॉकी के महासचिव रजनीश मिश्रा भी मौजूद रहे। बताते चलें कि चेन्नई और मदुरई में 15 दिनों तक चलने वाले जूनियर हॉकी के महाकुंभ में विजेता टीम को यह चमचमाती हुई ट्रॉफी दी जाएगी।
वर्ष 2016 में जूनियर हॉकी विश्व कप लखनऊ में आयोजित किया गया। कुर्सी रोड स्थित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पर इस आयोजन के मुकाबले खेले गए थे। यहां फाइनल में भारतीय हॉकी टीम के रणबांकुरों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए बेल्जियम को परास्त कर विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया था।