News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
एशियाई युवा खेलः पदक तालिका में पांचवें स्थान पर
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत ने पश्चिम एशियाई देश बहरीन में आयोजित एशियाई युवा खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है। बृहस्पतिवार को कबड्डी में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश के युवा खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया। लड़कों और लड़कियों, दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक हासिल कर भारत को तालिका में पांचवें पायदान पर पहुंचा दिया।
इन खेलों में अब तक भारत 2 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य (कुल 10 पदक) जीत चुका है। बता दें कि इस प्रतियोगिता का समापन 31 अक्टूबर को होगा। इसा स्पोर्ट्स सिटी में हुए फाइनल मुकाबलों में भारतीय टीमों ने अलग-अलग अंदाज़ में जीत दर्ज की। लड़कियों की टीम ने ईरान को 75-21 से करारी शिकस्त दी। भारत ने पहले हाफ में 33-12 की बढ़त बनाई और दूसरे हाफ में 42 अंक जोड़ते हुए विपक्षी टीम को मात्र 9 अंकों तक सीमित रखा।
ग्रुप चरण में भी भारतीय लड़कियों ने बांग्लादेश (46-18), थाईलैंड (70-23), श्रीलंका (73-10) और ईरान (59-26) को हराकर अपराजित रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। लड़कों का फाइनल भी रोमांचक रहा। यहां भी भारत ने ईरान को 35-32 से हराया। पहले हाफ में भारत 21-16 से आगे था, जबकि दूसरे हाफ में ईरान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने तीन अंकों की बढ़त से जीत पक्की कर ली।
भारत ने एथलेटिक्स में दो रजत और एक कांस्य पदक जीते। रंजना यादव ने लड़कियों की 5000 मीटर वॉक में 23 मिनट 25.88 सेकंड का समय लेकर रजत पदक जीता, जबकि चीन की लियू शियी स्वर्ण विजेता रहीं। अंबुरे शौर्या ने लड़कियों की 100 मीटर हर्डल्स में 13.53 सेकंड में फिनिश कर दूसरा रजत हासिल किया। जसमीन कौर ने शॉट पुट में 14.86 मीटर के थ्रो से कांस्य पदक जीता।
ताइक्वांडो में भारत ने दो कांस्य पदक जीते। देबाशीष दास लड़कों की व्यक्तिगत ‘रिकग्नाइज्ड पूमसे’ स्पर्धा के सेमीफाइनल में चीन के गाओ जिक्सुआन से मामूली अंतर से हारकर तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, यशविनी सिंह और शिवांशु पटेल की जोड़ी ने मिक्स्ड पेयर ‘रिकग्नाइज्ड पूमसे’ में थाईलैंड से हारकर कांस्य पदक हासिल किया। कुराश स्पर्धा में भारत ने एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। कनिष्का बिधुरी ने लड़कियों की 52 किग्रा श्रेणी में रजत जीता, जबकि खुशी (70 किग्रा) और अरविंद (83 किग्रा) ने कांस्य पदक प्राप्त किए।