News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
बिहार के ऊंची कूद खिलाड़ी शैलेश ने जीता स्वर्ण
वरुण सिंह भाटी ने भी कांस्य पदक से गला सजाया
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। बिहार के जांबाज शैलेश कुमार और वरुण सिंह भाटी ने शनिवार को पुरुषों की ऊंची कूद टी63-टी42 स्पर्धा में क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में मेजबान भारत का खाता खोला। 25 वर्षीय शैलेश ने टी42 वर्ग में 1.91 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास से चैम्पियनशिप रिकॉर्ड और एशियाई रिकॉर्ड तोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
पैरा एशियाई खेलों के पूर्व पदक विजेता वरुण भाटी ने कांस्य पदक जीता जबकि मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन अमेरिका के एज्रा फ्रेच ने रजत पदक हासिल किया। भाटी और फ्रेच दोनों ने 1.85 मीटर की सर्वश्रेष्ठ कूद लगाई लेकिन अमेरिकी खिलाड़ी ने ‘काउंट-बैक’ में भारतीय खिलाड़ी को हरा दिया। इस स्पर्धा में शामिल तीसरे भारतीय राहुल 1.78 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास से चौथे स्थान पर रहे।
शैलेश, भाटी और राहुल टी42 एथलीट हैं जिनके घुटने के ऊपर एक अंग विच्छेदन हुआ हो या एक समान दिव्यांगता हो। टी63 वर्गीकरण उन खिलाड़ियों के लिए है जिनके घुटने के पास दिव्यांगता हो। टी63 और टी42 एथलीटों को एक ही स्पर्धा में शामिल किया जा सकता है और शनिवार को भी यही प्रक्रिया अपनाई गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शैलेश को देंगे 75 लाख
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के पुरुष हाई जंप में गोल्ड जीतने और चैम्पियनशिप रिकॉर्ड बनाने पर बिहार के बेटे शैलेश कुमार को हार्दिक बधाई दी है। सीएम ने कहा कि, "शैलेश कुमार जी की यह जीत न केवल बिहार की, बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। शैलेश कुमार की इस ऐतिहासिक जीत पर राज्य सरकार उन्हें खेल पुरस्कार योजना के तहत 75 लाख रुपए की राशि एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करेगी। शैलेश की यह जीत बिहार में खेलों के क्षेत्र में हो रहे बदलाव का प्रत्यक्ष प्रमाण है।"
शैलेश कुमार बिहार के जमुई जिले के अलीगंज प्रखंड के इस्लामनगर गांव के रहने वाले हैं। शैलेश कुमार ने टी42 श्रेणी की हाई जंप प्रतिस्पर्धा में 1.91 मीटर ऊंची छलांग लगाकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है। इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस स्पर्धा में शैलेश ने 1.85, 1.88, 1.91 मीटर ऊंची छलांग लगाकर तीन बार चैम्पियनशिप रिकॉर्ड बनाया है। वह पेरिस में हुए पिछले वर्ल्ड पैरा चैम्पियनशिप के रजत पदक और चीन में हुए एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता भी रह चुके हैं।