News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
वर्ल्ड एथलेटिक चैम्पियनशिपः सचिन चौथे, नीरजआठवें स्थान पर रहे
बागपत के बहादुर सचिन यादव ने 86 मीटर से अधिक फेंका भाला
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। गत चैम्पियन नीरज चोपड़ा का वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पुरुषों की जेवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा। नीरज चोपड़ा आठवें स्थान पर रहे। वहीं, वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पहली बार हिस्सा लेने वाले एक और भारतीय जेवलिन थ्रोअर सचिन यादव ने अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन वो भी मेडल नहीं जीत सके। भारत के जेवलिन थ्रोअर सचिन यादव चौथे स्थान पर रहे।
बता दें कि वर्ल्ड चैम्पियनशिप में गुरुवार को कोई भी जेवलिन एथलीट 90 मीटर की दूरी का आंकड़ा पार नहीं कर सका। नीरज चोपड़ा पांचवें राउंड में बाहर हुए। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 84.03 मीटर का रहा। वो आठवें स्थान पर रहे। 27 साल के चोपड़ा ने पांचवें प्रयास में फाउल किया, जिसके कारण वो प्रतियोगिता से बाहर हुए। याद दिला दें कि नीरज चोपड़ा ने 2021 में इसी जगह ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीता था। त्रिनिदाद एंड टोबेगो के केसहोर्न वालकोट (88.16 मीटर) ने गोल्ड मेडल जीता। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स दूसरे व अमेरिका के कर्टिस थाम्पसन (86.67 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे।
बता दें कि नीरज चोपड़ा के साथ भारत के सचिन यादव ने भी वर्ल्ड चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया था। सचिन यादव ने अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो पहले प्रयास में किया, जब उनका भाला 86.27 मीटर की दूरी पर जाकर गिरा। यादव ने न सिर्फ नीरज चोपड़ा बल्कि जर्मनी के जूनियन वेबर (86.11 मीटर) और ओलम्पिक चैम्पियन अरशद नदीम (82.75 मीटर) से भी बेहतर प्रदर्शन किया।
बता दें कि अरशद नदीम चौथे राउंड में बाहर हो गए थे। वहीं, दो बार के ओलम्पिक मेडलिस्ट चोपड़ा ने अपने अभियान की शुरुआत 83.65 मीटर की दूरी के थ्रो के साथ की। अगले प्रयास में नीरज ने प्रदर्शन सुधारा और 84.03 मीटर की दूरी पर भाला फेंका। मगर तीसरे प्रयास में उनसे फाउल हो गया। वो आठवें स्थान पर खिसक गए। आधे राउंड खत्म हो चुके थे और नीरज चोपड़ा आठवें स्थान पर ही रहे। नीरज का चौथा थ्रो 82.86 मीटर का रहा। प्रतियोगिता में बने रहने के लिए नीरज को अगले राउंड में 85.54 मीटर से ज्यादा दूरी पर भाला फेंकने की जरुरत थी। मगर पांचवें प्रयास में नीरज से फाउल हुआ और वो आधिकारिक रूप से प्रतियोगिता से बाहर हो गए। नीरज के बाहर होने पर भारतीय फैंस का दिल टूट गया।
नीरज का प्रदर्शनः पहला थ्रो: 83.65 मीटर, दूसरा थ्रो: 84.03 मीटर, तीसरा थ्रो: फाउल, चौथा थ्रो: 82.86 मीटर, पांचवां थ्रो: फाउल।
सचिन का प्रदर्शनः पहला थ्रो: 86.27 मीटर, दूसरा थ्रो: फाउल, तीसरा थ्रो: 85.71 मीटर, चौथा थ्रो: 84.90 मीटर, पांचवां थ्रो: 85.96 मीटर, छठवां थ्रो: 80.95 मीटर।