News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
चोपड़ा को पदक के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा
खेलपथ संवाद
टोक्यो। गत चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने बुधवार को पहले ही थ्रो में स्वत: क्वालीफिकेशन का 84.50 मीटर का आंकड़ा पार करके विश्व चैम्पियनशिप पुरूष भालाफेंक स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया। दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता 27 वर्ष के नीरज ने क्वालीफिकेशन दौर में ग्रुप ए में पहला ही थ्रो 84.85 मीटर का फेंका।
नीरज चोपड़ा सबसे पहले थ्रो फेंकने के लिये उतरे थे और फाइनल में जगह बनाने के साथ ही रवाना भी हो गए। स्वत: क्वालीफिकेशन का 84.50 मीटर का आंकड़ा छूने वाले या सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ी बृहस्पतिवार को होने वाले फाइनल में जगह बनायेंगे। जर्मनी के जूलियर वेबर ने भी 87.21 मीटर के थ्रो के साथ क्वालीफाई कर लिया। ग्रुप ए में शामिल 19 खिलाड़ियों में केशोर्न वालकॉट, याकूब वालेश और भारत के सचिन यादव भी हैं।
ग्रुप बी में पाकिस्तान के ओलम्पिक चैम्पियन अरशद नदीम, एंडरसन पीटर्स, जूलियस येगो, रोहित यादव, यशवीर सिंह भी हैं। बुडापेस्ट में पिछली विश्व चैम्पियनशिप में नीरज ने 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण जीता था जबकि नदीम दूसरे और वालेश तीसरे स्थान पर रहे थे।
नीरज चोपड़ा की नजरें विश्व चैम्पियनशिप का स्वर्ण पदक बरकरार रखने वाले तीसरे पुरूष भालाफेंक खिलाड़ी बनने पर लगी होंगी। चोपड़ा के मौजूदा कोच चेक गणराज्य के जान जेलेज्नी (1993 और 1995) और पीटर्स (2019 और 2022) ही यह कमाल कर चुके हैं। पेरिस ओलम्पिक 2024 के बाद चोपड़ा का सामना पहली बार नदीम से होगा। नदीम ने पेरिस ओलम्पिक में 92.97 का थ्रो फेंककर स्वर्ण जीता था जबकि टोक्यो ओलम्पिक चैम्पियन चोपड़ा 89.45 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।