News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
एशियाई युवा खेलों के लिए मिली बड़ी जिम्मेदारी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त को अगले महीने होने वाले एशियाई युवा खेलों के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। योगेश्वर भारतीय टीम के मिशन प्रमुख होंगे, जबकि भारतीय आइस स्केटिंग संघ के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा 2026 शीतकालीन ओलम्पिक में यही भूमिका निभाएंगे। बुधवार को भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की कार्यकारी समिति की बैठक में ये फैसले किए गए।
लंदन ओलम्पिक 2012 में कांस्य पदक जीतने वाले योगेश्वर ने कहा, 'हां, मैं बहरीन में होने वाले एशियाई युवा खेलों के लिए मिशन प्रमुख के रूप में जा रहा हूं। बुधवार को आईओए की कार्यकारी समिति की बैठक में यह फैसला किया गया।' योगेश्वर उत्कृष्ट खिलाड़ी (एसओएम) में से एक के रूप में आईओए कार्यकारी समिति के सदस्य भी हैं।
एशियाई युवा खेलों का तीसरा सत्र उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित होने वाला था लेकिन मध्य एशियाई देश ने इससे नाम वापस ले लिया। एशियाई ओलम्पिक परिषद ने पिछले साल इस बहु-खेल आयोजन की मेजबानी बहरीन को सौंपी थी। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी 24 खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। अमिताभ छह से 22 फरवरी 2026 तक इटली के मिलानो कॉर्टिना में होने वाले शीतकालीन ओलम्पिक में भारतीय मिशन प्रमुख होंगे।
एक सूत्र ने कहा, 'हां, शर्मा शीतकालीन ओलम्पिक में भारतीय दल के प्रमुख होंगे।' अमिताभ भी आईओए कार्यकारी समिति के सदस्य हैं। बैठक के एजेंडे में पिछले वित्तीय विवरणों और कुछ अन्य निर्णयों के अनुमोदन से संबंधित अन्य विषय भी शामिल थे।