News title should be unique not use -,+,&, '',symbols
17 साल की भारतीय भारोत्तोलक कोयल बार का जलवा
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद। 17 साल की भारतीय भारोत्तोलक कोयल बार ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में महिलाओं की 53 किलोग्राम स्पर्धा में दो नए युवा विश्व रिकॉर्ड स्थापित करके युवा और जूनियर दोनों खिताब जीते। कोयल के दमदार प्रदर्शन से भारतीय दल में खुशी की लहर है।
जूनियर और युवा दोनों वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए इस किशोरी ने कुल 192 किलोग्राम (85 किग्रा + 107 किग्रा) वजन उठाया। उन्होंने पहले 85 किलोग्राम भार उठाकर युवा स्नैच विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और फिर क्लीन एंड जर्क में अपने दूसरे प्रयास में 107 किलोग्राम भार उठाकर 105 किलोग्राम के रिकॉर्ड को बेहतर बनाया। इसके साथ ही, उन्होंने 188 किलोग्राम के मौजूदा युवा विश्व कुल रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
कोयल का प्रयास उनकी हमवतन स्नेहा सोरेन से बेहतर था, जिन्होंने 185 किलोग्राम (81 किग्रा + 104 किग्रा) के साथ सीनियर वर्ग में रजत पदक जीता था। इससे पहले महिलाओं में भारत की बिंदियारानी देवी और पुरुषों में मुथुपंडी राजा ने मंगलवार को अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैम्पियनशिप 2025 में रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, सारी सुर्खियां गजब का जज्बा दिखाने वाली 17 वर्षीय कोयल ने बटोरीं।
महिलाओं के 58 किग्रा वर्ग में भाग लेने वाली बिंदियारानी ने 206 किग्रा (91 किग्रा स्नैच + 115 किग्रा क्लीन एंड जर्क) भार उठाकर रजत पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 85 किग्रा, 88 किग्रा और 91 किग्रा भार उठाया और क्लीन एंड जर्क में 110 किग्रा और 115 किग्रा भार उठाया। वह अपने अंतिम 122 किग्रा प्रयास में असफल रहीं और दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि ऑस्ट्रेलिया की कियाना इलियट ने 212 किग्रा (100 किग्रा + 112 किग्रा) के साथ स्वर्ण पदक जीता। बिंदियारानी बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में 55 किग्रा वर्ग में रजत पदक विजेता हैं। वह पूर्व राष्ट्रमंडल चैंपियन भी हैं, जिन्होंने 2019 में स्वर्ण और 2021 संस्करणों में रजत पदक जीता है।
पुरुष वर्ग की बात करें तो, मुथुपंडी राजा 65 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक के बेहद करीब पहुंच गए, लेकिन 296 किग्रा (128 किग्रा+168 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए। मलयेशिया के मुहम्मद अजनिल बिन बिदिन ने 297 किग्रा (125 किग्रा+172 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। पापुआ न्यू गिनी के मोरिया बारू 292 किग्रा (127 किग्रा+165 किग्रा) वजन उठाकर कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।
टूर्नामेंट के 30वें संस्करण में 31 देशों के 300 से ज्यादा भारोत्तोलक हिस्सा ले रहे हैं। टोक्यो 2020 की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने सोमवार को महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक के साथ भारत के अभियान की शुरुआत की थी और अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालिफिकेशन हासिल किया था।